लखनऊ ब्लू ड्रम केस, पिता की लाश को ठिकाने लगाने के लिए यूट्यूब से देखा तरीका, यह है पूरा मामला

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 27 Feb 2026, 01:54 pm
news-banner

लखनऊ के आशियाना क्षेत्र में वर्धमान पैथोलॉजी के मालिक मानवेंद्र सिंह की हत्या मामले में बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

राजधानी लखनऊ के आशियाना क्षेत्र में वर्धमान पैथोलॉजी के मालिक मानवेंद्र सिंह की हत्या ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। पुलिस जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं। आरोप है कि उनके 21 वर्षीय बेटे अक्षत प्रताप सिंह उर्फ राजा ने ही 20 फरवरी तड़के घर में लाइसेंसी राइफल से गोली मारकर हत्या की। घटना के बाद उसने पुलिस और परिवार को गुमराह करने की कोशिश की और खुद ही गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को घर से नीले ड्रम में शव बरामद हुआ। पोस्टमार्टम में सिर में गोली लगने की पुष्टि हुई। इस मामले को लेकर शहर में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और सोशल मीडिया पर भी लोग अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।


शव छिपाने की कोशिश, ऑनलाइन सामान मंगाने का आरोप

पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने के लिए बाजार से ड्रम और अन्य सामान खरीदा। वह अपनी कार से अलग-अलग दुकानों पर गया और कार में फिट होने लायक ड्रम लेकर आया। जांच एजेंसियां सीसीटीवी फुटेज और खरीदारी से जुड़े बिल खंगाल रही हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी ने शक से बचने के लिए कई लोगों को कॉल किए और खुद को परेशान दिखाने की कोशिश की। कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने किन-किन लोगों से संपर्क किया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या किसी ने उसकी किसी तरह मदद की।


परिवारिक तनाव और जांच पर उठ रहे सवाल

मामले में पारिवारिक तनाव की बात भी सामने आ रही है। पड़ोसियों और जानकारों के मुताबिक, पिता-पुत्र के बीच लंबे समय से मतभेद थे। हालांकि पुलिस ने हत्या की वजह पढ़ाई और पारिवारिक विवाद को बताया है, लेकिन परिवार और कुछ स्थानीय लोग पुलिस की थ्योरी पर सवाल उठा रहे हैं।पुलिस ने 25 फरवरी को आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


यह भी पढ़ें- भारतीय टीम के क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता का निधन, नोए़डा के अस्पताल में थे भर्ती, अलीगढ़ पहुंचा पार्थिव शरीर, मंगेतर प्रिया सरोज साथ

advertisement image