यूपी के इन जिलों में आज बारिश का अलर्ट, लखनऊ में गिरा रिमझिम पानी, 40 घंटे प्रति किलोमीटर की रफ्तार से चलेंगे हवा के झोंके

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 27 Mar 2026, 01:24 pm
news-banner

लखनऊ में मौसम ने करवट ली है। हल्की बारिश और तेज हवाओं के साथ यलो अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले कुछ दिनों तक बारिश और तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।

राजधानी लखनऊ में शुक्रवार सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। सुबह 8 बजे तक शहर के कई इलाकों में हल्की बारिश शुरू हो गई, जबकि आसमान में घने बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। दिन के दौरान बादलों की गरज-चमक के साथ करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इस बदलाव से लोगों को गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली है, खासतौर पर सुबह के समय मौसम काफी सुहावना रहा।


दिनभर बादल छाए रहेंगे, तापमान में हल्की राहत

मौसम विभाग के अनुसार दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा है। हवा में नमी का स्तर भी उतार-चढ़ाव के साथ बना हुआ है, जिसमें अधिकतम आर्द्रता 48 प्रतिशत और न्यूनतम 20 प्रतिशत दर्ज की गई। बादलों और हल्की बारिश के कारण तापमान में गिरावट के संकेत हैं, जिससे दिन के समय भी मौसम अपेक्षाकृत आरामदायक रह सकता है।


पश्चिमी विक्षोभ का असर, कई दिनों तक बदलता रहेगा मौसम

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस बदलाव के पीछे Western Disturbance का प्रभाव है। विशेषज्ञ अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश में दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। 27 मार्च को पश्चिमी उत्तर प्रदेश से शुरू हुआ बारिश का दौर लखनऊ समेत पूर्वी हिस्सों तक पहुंच रहा है। 28 मार्च को मौसम कुछ हद तक साफ और शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन 29 मार्च से एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे 29 से 31 मार्च के बीच पूरे प्रदेश में फिर से बारिश हो सकती है। इस दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री तक उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।


AQI यलो जोन में, हवा की गुणवत्ता मध्यम स्तर पर

लखनऊ में वायु गुणवत्ता भी मध्यम श्रेणी में बनी हुई है। सुबह के समय 6 मॉनिटरिंग स्टेशनों का औसत AQI 101 दर्ज किया गया, जो यलो जोन में आता है। अलग-अलग क्षेत्रों में AQI अलग-अलग स्तर पर रहा, जिसमें तालकटोरा और लालबाग में 132, अलीगंज में 101, अंबेडकर यूनिवर्सिटी में 84, गोमतीनगर में 90 और कुकरैल क्षेत्र में 69 AQI दर्ज किया गया। गुरुवार को यह औसत 115 था, जिससे हल्का सुधार देखा गया है।


यह भी पढ़ें- अयोध्या में रामलला का सूर्य तिलक, 9 मिनट तक पड़ीं ललाट पर किरणें, पंचामृत से किया गया अभिषेक, 10 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

advertisement image