मुझे बदनाम कर दिया! क्या कोई बेटी पिता के साथ नहीं रह सकती? जानें वर्जिनिटी सर्टिफिेकेट पर क्या बोली पीड़ित छात्रा

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 25 Oct 2025, 05:24 pm
news-banner

यूपी के मुरादाबाद जिले में छात्रा से वर्जिनिटी सर्टिफेकेट मांगने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। अब इस मामले में छात्रा ने सोशल मीडिया पर अपना दर्द बयां किया है। 13 साल की छात्रा ने क्या कुछ कहा? आइये जानते हैं।

मुरादाबाद के पाकबड़ा क्षेत्र के मदरसा जामिया एहसान-उल-बनात में 13 वर्षीय छात्रा से वर्जिनिटी सर्टिफिकेट (कौमार्य प्रमाणपत्र) की मांग करने के मामले ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। छात्रा ने अपने ट्रांसफर सर्टिफिकेट फार्म पर ही अपना दर्द बयां किया है। उसने लिखा कि मैं इमरजेंसी में पिता के साथ घर गई थी। वापसी आने पर मदरसा प्रशासन ने मेरा मेडिकल कराने का दबाव बनाया। मुझसे वर्जिनिटी सर्टिफिकेट मांगा गया। मेरे चरित्र पर सवाल उठाए गए। छात्रा ने आगे लिखा कि मेरी मां मेडिकल कराने के लिए राजी नहीं थी, फिर भी उन्हें लगातार मेंटल टॉर्चर झेलना पड़ा। मैं मानसिक रूप से टूट गई हूं। उसने सवाल उठाया कि क्या कोई बेटी अपने पिता के साथ अकेली नहीं रह सकती? छात्रा ने कहा कि मैं पढ़ना चाहती हूं, लेकिन मदरसे ने मेरा भविष्य खराब कर दिया है और टीसी भी नहीं दे रहे हैं।


मदरसे ने कहा दोबारा एडमिशन या टीसी लेने आए तो अंजाम बुरा होगा

छात्रा के पिता ने मदरसा प्रशासन पर चरित्र हनन का आरोप लगाते हुए बताया कि उन्होंने टीसी के लिए 500 रुपये जमा कराए, लेकिन

टीसी भी नहीं दी गई। उल्टे स्टाफ ने मां-बेटी के साथ गाली-गलौज की और धमकी दी कि अगर दोबारा दाखिले या टीसी के लिए आए तो अंजाम बुरा होगा। पिता ने कहा कि उनकी बेटी अपमान और मानसिक दबाव से टूट चुकी है और आत्महत्या करने की बात कह रही है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो डालकर अपनी पीड़ा साझा की है।


पुलिस ने स्टाफ और छात्राओं से की पूछताछ, खंगाले रिकॉर्ड

पुलिस टीम ने शुक्रवार को करीब दो घंटे तक मदरसे में जांच की। स्टाफ और छात्राओं से पूछताछ की गई और रिकॉर्ड खंगाले गए। जांच में पता चला कि छात्रा जुलाई में पिता के साथ घर गई थी और अगस्त में मां उसे वापस लाई थी। इस बीच किसी महिला ने मदरसे में कॉल कर बताया कि छात्रा अपने पिता के साथ अकेली रही थी, उसके साथ कुछ गलत होने की आशंका है। इसी कॉल के आधार पर मदरसा प्रशासन ने मेडिकल रिपोर्ट की मांग की। एसपी सिटी ने बताया कि जिस महिला ने कॉल की थी, उसकी भी जांच की जा रही है कि वह कौन थी और कॉल वाकई आई थी या नहीं। 


मदरसे का एडमिशन प्रभारी मोहम्मद शाहजहां अरेस्ट

पुलिस ने छात्रा के पिता की शिकायत पर मदरसा की प्रधानाचार्य रहनुमा, एडमिशन प्रभारी मोहम्मद शाहजहां और अन्य स्टाफ के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। साथ ही पुलिस ने एडमिशन प्रभारी शाहजहां को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि आरोपों की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि मदरसा सचिव अरबाब शम्सी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पति-पत्नी के विवाद में मदरसे को बदनाम किया जा रहा है। इसमें बिल्कुल भी सच्चाई नहीं है। सारे आरोप गलत हैं।

यह भी पढ़ें- मदरसे की शर्मनाक करतूत, 13 साल की छात्रा से मांगा वर्जिनिटी सर्टिफिकेट, पूरा मामला जान शॉक्ड हो जाएंगे आप!

advertisement image