Curated By:
|
Hindi Now Uttar Pradesh • 15 Jan 2026, 11:56 am
मुंबई: महाराष्ट्र में गुरुवार को बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) समेत राज्य के 29 नगर निगमों के लिए मतदान जारी है। बीएमसी के 227 वार्डों के लिए मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। चुनाव आयोग के अनुसार शुक्रवार को मतगणना होगी और शाम तक नतीजे आने की संभावना है। मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। अकेले मुंबई में करीब 28 हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। शहर के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल, सीसीटीवी कैमरे और त्वरित प्रतिक्रिया दल तैनात किए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
नागपुर में चुनाव के दौरान झड़प, भाजपा उम्मीदवार घायल
नागपुर में चुनाव से जुड़ी एक हिंसक घटना सामने आई है। बुधवार देर रात वार्ड नंबर 11 से भाजपा उम्मीदवार भूषण शिंगने गोरेवाड़ा इलाके में पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने कथित तौर पर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। आरोप है कि शिंगने के मौके पर पहुंचते ही उन पर हमला कर दिया गया, जिसमें वे घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नेताओं ने किया मतदान, वोटिंग बढ़ाने की अपील
केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने नगर निकाय चुनाव 2026 के तहत मतदान किया। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र में नागरिकों का मौलिक अधिकार है और सभी को इसका प्रयोग जरूर करना चाहिए। वहीं, शिवसेना यूबीटी नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने मतदाताओं से बड़ी संख्या में वोट डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान से पहले लोग अपना बूथ जरूर जांच लें। शिवसेना यूबीटी नेता आनंद दुबे ने भी मतदान किया और चुनाव आयोग की वेबसाइट से जुड़ी तकनीकी दिक्कतों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को विकास के मुद्दों पर वोट करना चाहिए।
यह भी पढ़ें- मकर संक्रांति पर सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर में चढ़ाई खिचड़ी, श्रद्धालुओं की दी शुभकामनाएं