Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 21 Mar 2026, 11:25 am
मथुरा में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक घटना के बाद हालात बेकाबू हो गए। ‘फरसा वाले बाबा’ के नाम से मशहूर गौ-रक्षक चंद्रशेखर की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह बाइक से गौ-तस्करों का पीछा कर रहे थे और ट्रक को रोकने की कोशिश में सामने खड़े हो गए। इसी दौरान ट्रक चालक ने रफ्तार बढ़ा दी और उन्हें कुचलते हुए फरार हो गया। घटना की खबर फैलते ही इलाके में गुस्सा फूट पड़ा और देखते ही देखते हजारों लोग दिल्ली-मथुरा हाईवे पर जमा हो गए। करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया और माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया।
पीछा कर ट्रक रोका, सामने खड़े होते ही हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, चंद्रशेखर उर्फ फरसा वाले बाबा को देर रात सूचना मिली थी कि एक ट्रक में अवैध रूप से गौवंश ले जाया जा रहा है। वह तुरंत दो साथियों के साथ बाइक पर निकल पड़े। कोसी क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर उन्होंने ट्रक को देखा और उसका पीछा शुरू किया। करीब 7 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद उन्होंने ट्रक को ओवरटेक कर सामने बाइक खड़ी कर दी और खुद सड़क पर उतरकर ट्रक रोकने की कोशिश की। इसी दौरान ट्रक चालक ने गति बढ़ा दी और उन्हें कुचल दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक सवार मौके से फरार हो गए, हालांकि एक आरोपी को पकड़े जाने की बात भी सामने आई है।
घटना के बाद भड़का आक्रोश, पुलिस पर पथराव और तोड़फोड़
बाबा की मौत की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने हाईवे जाम कर दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। हालात तब और बिगड़ गए जब पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने की कोशिश की। इस दौरान लोगों ने पथराव कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। भीड़ ने पुलिस की 5 से 6 गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी और उनके शीशे तोड़ दिए। हालात काबू से बाहर होते देख पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े।
CM योगी ने लिया संज्ञान, सख्त कार्रवाई के निर्देश
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुरंत संज्ञान लिया और अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि आरोपियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। उधर, घटना स्थल से करीब 25 किलोमीटर दूर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा कर रही थीं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और भी कड़ी कर दी गई। मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी पहुंच गए हैं और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है और पुलिस लगातार हालात पर नजर रखे हुए है।
यह भी पढ़ें- देश की जनता को बड़ा झटका, महंगा हुआ पेट्रोल और डीजल, प्रीमियम पेट्रोल लेने वालों की जेब पर पड़ेगा असर, जानें कितनी हुई बढ़ोतरी