Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 26 Feb 2026, 07:14 pm
मेरठ के मेरठ में पत्नी के प्रेमी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या करने के बाद आरोपी प्रदीप ने एक वीडियो जारी कर खुलेआम धमकी दी थी, जिसके बाद पुलिस सक्रिय हुई। आरोपी की पहचान प्रदीप के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पत्नी के कथित प्रेमी सुरेंद्र की गोली मारकर हत्या की थी। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने गन्ने के खेत में पुलिस को करीब 40 मिनट तक परेशान किया और तमंचा दिखाकर धमकी देता रहा। पुलिस अधिकारियों ने समझा-बुझाकर आरोपी को सरेंडर कराने में सफलता हासिल की।
गन्ने के खेत में 40 मिनट तक चला ड्रामा
पुलिस के अनुसार आरोपी प्रदीप की गिरफ्तारी फलावदा क्षेत्र के कलावड़ा गांव के पास से की गई। जब पुलिस टीम ने उसे घेर लिया तो आरोपी ने तमंचा निकालकर पुलिस पर तान दिया और करीब 40 मिनट तक ड्रामा करता रहा। इस दौरान वह कभी पानी पीता दिखा तो कभी बीड़ी जलाकर धूम्रपान करता रहा। पुलिस अधिकारी लगातार उसे समझाने की कोशिश करते रहे। आरोपी बार-बार कह रहा था कि अगर कोई पास आया तो गोली चला देगा। आखिरकार विश्वास में लेकर उसे आत्मसमर्पण के लिए तैयार किया गया और फिर गिरफ्तार कर थाने ले जाया गया। पुलिस अब उसके हथियार और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
दिनदहाड़े गोली मारकर की थी हत्या
पुलिस जांच में सामने आया है कि सुरेंद्र का आरोपी प्रदीप की पत्नी से कथित अफेयर था। घटना के दिन सुरेंद्र बाइक से जा रहा था, तभी प्रदीप दूसरी बाइक पर मुंह ढककर आया और तीन गोलियां मार दीं। दो गोलियां कमर में लगीं और तीसरी गोली कनपटी पर सटाकर मारी गई, जिससे सुरेंद्र की मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी चादर से चेहरा ढककर वारदात करता दिख रहा है। हत्या के बाद आरोपी ने 4 मिनट का वीडियो जारी कर पत्नी और प्रेमी को धमकी दी थी। वीडियो में उसने पुलिस प्रशासन को भी चुनौती दी थी। मेरठ पुलिस अब मामले की आगे जांच कर रही है।
हत्या और धमकी वाला वीडियो बना चर्चा का विषय
वीडियो में आरोपी ने पत्नी के कथित अफेयर को लेकर गुस्सा जाहिर किया और कहा कि उसने बदला ले लिया है। आरोपी ने खुलेआम धमकी देते हुए कहा कि वह पत्नी को भी मार सकता है और महिलाओं के खिलाफ भड़काऊ बातें भी कहीं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास और मानसिक स्थिति दोनों की जांच की जा रही है। एसएसपी अविनाश पांडेय ने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई का सामना करेगा।
यह भी पढ़ें- बाप-बेटे के बीच तीखी बहस और थप्पड़ बना पिता की मौत की वजह? मानवेंद्र हत्याकांड में एक और बड़ा खुलासा