Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 20 May 2026, 06:12 pm
मेरठ की आईआईएमटी यूनिवर्सिटी में बुधवार सुबह एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। सरोजनी नायडू गर्ल्स हॉस्टल की तीसरी मंजिल से गिरकर एमबीए फाइनल ईयर की छात्रा अनु गुप्ता की मौत हो गई। नीचे गिरते ही छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई और उसका सिर फट गया। घटना की आवाज सुनकर हॉस्टल की छात्राएं मौके पर पहुंचीं तो अनु खून से लथपथ हालत में पड़ी मिली। यूनिवर्सिटी प्रशासन छात्रा को अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सहारनपुर की रहने वाली अनु हॉस्टल के तीसरी मंजिल पर बने रूम नंबर 67 में रहती थी। घटना के बाद कैंपस में तनाव का माहौल बन गया और छात्रों ने यूनिवर्सिटी प्रशासन पर मामले को दबाने का आरोप लगाया।
परिवार बोला- सुबह तक खुश थी अनु
मृतक छात्रा की बड़ी बहन तनु ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 9 बजे उनकी अनु से बात हुई थी और वह सामान्य तरीके से बात कर रही थी। उसने बताया था कि वह फाइलवर्क पूरा कर मैडम से मिलने जाएगी। परिवार का कहना है कि उन्हें कॉलेज प्रशासन की ओर से सही जानकारी नहीं दी गई। जब तक वे मेरठ पहुंचे, पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जा चुकी थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि यूनिवर्सिटी प्रशासन सीसीटीवी फुटेज नहीं दिखा रहा है। वहीं छात्राओं का कहना है कि हॉस्टल और यूनिवर्सिटी में छात्रों के साथ खराब व्यवहार किया जाता है, जिससे कई छात्र मानसिक तनाव में रहते हैं। पुलिस ने छात्रा की रूममेट कीर्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। मामले को लेकर छात्राओं में भारी नाराजगी देखी गई और कई छात्राओं ने न्याय की मांग की।
सुसाइड या हादसा, हर एंगल से जांच जारी
पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में यह आशंका भी सामने आई है कि छात्रा मानसिक तनाव में थी। बताया जा रहा है कि उसकी पढ़ाई में बैक आ गई थी और करीब दो महीने पहले उसकी मां की मौत भी हो गई थी, जिसके बाद वह काफी परेशान रहने लगी थी। हालांकि पुलिस फिलहाल हर पहलू से जांच कर रही है। छात्राओं ने आरोप लगाया कि हॉस्टल प्रशासन मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है। एक छात्रा ने दावा किया कि वॉर्डन ने कहा था कि “चार दिन बाद सब शांत हो जाएगा।” वहीं एसपी देहात अभिजीत कुमार सिंह ने बताया कि अभी तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके।
यह भी पढ़ें- बिहार से लखनऊ आने वाली गोमतीनगर एक्सप्रेस में बॉक्स में बंद मिली युवती की लाश, पुलिस कर रही मामले की जाँच