मेरठ में सिरफिरे युवक ने जमकर काटा आतंक, कभी किसी पर हमला तो कभी किसी का सामान लेकर भागा आरोपी, जानें पूरा मामला

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 19 Feb 2026, 01:29 pm
news-banner

मेरठ के पल्लवपुरम थाना क्षेत्र में एक युवक ने तेजधार हथियार से राहगीरों पर हमला कर चार लोगों को घायल कर दिया। स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मेरठ के पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के रुड़की रोड पर बुधवार दोपहर एक युवक ने सरेआम आतंक मचा दिया। देवबंद निवासी राहुल नामक युवक ने सड़क किनारे लोहे का सामान बेच रहे एक वेंडर से जबरन तेजधार हथियार (दाव) छीन लिया और राहगीरों पर हमला शुरू कर दिया। करीब आधे घंटे तक चले घटनाक्रम में चाय विक्रेता अब्दुल, उनकी पत्नी रूबी, ई-रिक्शा चालक तौसीन और पल्हैड़ा गांव निवासी आरिफ घायल हो गए।


लोगों ने घेरकर पकड़ा, पुलिस को सौंपा

घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए लाठी-डंडों के सहारे युवक की घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। बताया जा रहा है कि घटना मोदीपुरम पुलिस चौकी से लगभग 50 मीटर की दूरी पर हुई, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस करीब 20 मिनट की देरी से पहुंची। उनका कहना है कि यदि पुलिस समय पर पहुंचती तो इतने लोग घायल नहीं होते।


जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पूछताछ में आरोपी ने खुद को साहिबाबाद में मजदूरी करने वाला बताया, लेकिन मेरठ आने और हमला करने की वजह स्पष्ट नहीं की। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रास्ते में किसी युवक से कहासुनी के बाद उसे थप्पड़ मारा गया था, जिससे वह बौखला गया और हमला कर दिया। आरोपी के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है और विस्तृत पूछताछ जारी है।


यह भी पढ़ें- लखनऊ में नीट की छात्रा से कैब ड्राइवर ने किया रेप, लड़की हुई प्रेगनेंट तो कर दिया बड़ा कांड, जानें पूरा मामला

advertisement image