Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 24 Dec 2025, 07:12 pm
मेरठ के मवाना थाना क्षेत्र के गांव सठला में मंगलवार देर रात हालात उस समय बेकाबू हो गए, जब गोकशी के आरोपियों को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर दबंगों और ग्रामीणों की भीड़ ने हमला कर दिया। क्राइम ब्रांच और मवाना थाने की संयुक्त टीम को सठला गांव में पशु तस्करी से जुड़े आरोपियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसी सूचना पर पुलिस टीम देर रात गांव की ओर रवाना हुई। बताया जा रहा है कि गांव सठला और रामनगर के बीच पेट्रोल पंप के पास अचानक बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और पुलिस टीम को घेर लिया। देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई। लाठी-डंडों से लैस लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी और उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की। हमले के दौरान पुलिस टीम को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
सिपाही को न्यूड कर पीटा, पिस्टल छीनी
हमले में सिपाही सुनील को भीड़ ने घेर लिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। आरोप है कि हमलावरों ने उसकी वर्दी फाड़ दी और उसे न्यूड कर पीटा। इसी दौरान उसकी सरकारी पिस्टल भी छीन ली गई। एक अन्य सिपाही का हाथ टूट गया, जबकि तीसरे पुलिसकर्मी के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए और गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया गया। हालात इतने खराब हो गए कि पुलिसकर्मी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस कंट्रोल रूम को अलर्ट किया गया और अतिरिक्त फोर्स मौके के लिए रवाना हुई। सीओ मवाना पंकज लवानिया भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अतिरिक्त फोर्स की मदद से भीड़ में फंसे पुलिसकर्मियों को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायल सिपाहियों को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
तीन युवक हिरासत में, परिजनों के आरोप
घटना के बाद पुलिस ने गांव सठला से तीन युवकों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए युवकों के नाम अब्दुल कादिर, ताल्हा पुत्र अब्दुल गफ्फार और गुलाब पुत्र नवाब गुलाब बताए गए हैं। पुलिस इनसे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि भीड़ कैसे जुटी और हमला किसके इशारे पर हुआ। वहीं, आरोपी गुलाब की बहन समरीन ने थाने पहुंचकर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुलिसकर्मी बिना वर्दी के गांव पहुंचे थे और उनके भाई सहित अन्य युवकों को जबरन उठाकर थाने ले आए। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
एसएसपी बोले- दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया कि पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटना को लेकर कई तरह की अफवाहें भी फैल रही हैं, जिनकी सच्चाई जांच के बाद सामने लाई जाएगी। एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा ने कहा कि पुलिसकर्मियों पर हमला बेहद गंभीर मामला है। तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है और अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद सठला, रामनगर और आसपास के गांवों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
यह भी पढ़ें- दूसरे दिन भी ताबड़तोड़ कार्रवाई, नहीं रुके बुलडोजर, पूरा मामला जान आप कहेंगे- ये तो होना ही था