अखिलेश यादव को ये क्या बोल गए ओपी राजभर? कहा- दगा कारतूस..

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 01 Sep 2025, 07:16 pm
news-banner

योगी सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर करारा हमला बोला है। उन्होंने अखिलेश को दगा हुआ कारतूस बताया है। आइये खबर में पूरा बयान पढ़ते हैं।

गोरखपुर में कैबिनेट मंत्री व सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने सोमवार को मंडलीय समीक्षा बैठक में विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव खुद अपनी सीट नहीं बचा पा रहे। ऐसे में वह बिहार में किसी को कैसे जिता पाएंगे। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की बिहार में चल रही ‘वोटर अधिकार यात्रा’ को राजभर ने बेअसर बताते हुए कहा कि इन नेताओं से कोई उम्मीद नहीं की जा सकती, क्योंकि ये सब दगे हुए कारतूस हैं और लोकतंत्र के लिए खतरा बन चुके हैं।


राजभर ने कहा कि बिहार में एनडीए की ही जीत होगी और नतीजे इसका सबूत देंगे। विपक्षी दल मंचों से भड़काऊ बयानबाजी कर जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस को सबसे बड़ा दोषी बताते हुए कहा कि वोट चोरी की शुरुआत उसी ने की थी। पंडित जवाहर लाल नेहरू को प्रधानमंत्री बनाने के लिए कांग्रेस ने पहले वोट चोरी की। उस समय नेहरू को केवल एक वोट मिला था, जबकि 11 वोट किसी और उम्मीदवार को मिले थे। इसी तरह 1952 में बाबा साहब भीमराव अंबेडकर को हराने के लिए कांग्रेस ने 78 हजार वोटों की चोरी की थी। बाबा साहब ने इसका हलफनामा भी चुनाव आयोग को दिया था।


राजभर ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस वोट चोरी में माहिर है। वाराणसी में तो कांग्रेस के नेताओं ने मत पेटी तक गंगा में फेंक दी थी। बाद में मछुआरों के जाल में वह पेटी पकड़ी गई। जांच में पता चला कि उसमें कांग्रेस का वोट नहीं था, इसलिए मामला दबा दिया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और महाराष्ट्र की तरह अब बिहार में भी हारने जा रही है। हार के बाद ये नेता भाजपा पर वोट चोरी का आरोप लगाकर अपनी नाकामी छिपाने की कोशिश करेंगे। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इस पार्टी ने 60 साल तक दलितों, पिछड़ों और मुसलमानों को धोखा दिया। तेजस्वी यादव और लालू प्रसाद कल तक कांग्रेस को चारा घोटाले में फंसाने का दोषी ठहराते थे और गालियां देते थे, लेकिन आज उन्हीं के साथ मंच साझा कर रहे हैं।


पंचायत चुनाव पर बोले राजभर, आरक्षण में बदलाव के संकेत

पंचायत चुनाव पर बोलते हुए राजभर ने कहा कि इस बार आरक्षण व्यवस्था में बदलाव की संभावना है। उन्होंने बताया कि जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख का चुनाव सीधे जनता से कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से बातचीत भी हो चुकी है और सकारात्मक संकेत मिले हैं। डॉ. संजय निषाद पर दिए गए कुछ नेताओं के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए राजभर ने कहा कि ये केवल छुटभैये नेताओं की बातें हैं। वे लोकप्रियता से घबराए हुए हैं, जबकि सुभासपा संगठन को मजबूत करने और जनता से जुड़कर आगे बढ़ने में लगी है।


यह भी पढ़ें- बीजेपी महिला कार्यकर्ताओं ने कर दिया कांड? कांग्रेस कार्यालय में घुसीं और फिर मचा बवाल!

advertisement image