Curated By:
editor1 |
Hindi Now Uttar Pradesh • 05 Sep 2025, 06:08 pm
केंद्र सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने अपने उत्तर प्रदेश दौरे पर बड़ा बयान दिया है। गाजीपुर में उन्होंने कहा कि निषाद समाज के लोग आगे बढ़ रहे हैं। अब हमारे पास पव्वा के पावर है। इससे निषादों को अब सम्मान मिल रहा है। निषादों को कोई केवटवा या बिंदवा नहीं कहता। निषाद जी कहकर बुलाते हैं। उन्होंने कहा कि पव्वा आपके पास है ही। पावर मोदी-योगी के पास है और हम सरकार के साथ हैं।
मंत्री संजय निषाद ने गुरुवार को गाजीपुर के जमनियां क्षेत्र के रेवतीपुर में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और वहां के हालात का जायजा लिया। दौरे के बाद उन्होंने सभागार में बाढ़ पीड़ितों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि गंगा मां आशीर्वाद देने आई हैं। मां गंगा अपने पुत्रों के यहां नहीं आएंगी तो और कहां जाएंगी। बाढ़ राहत की जानकारी साझा करते हुए संजय निषाद ने कहा कि अब तक जिले में 29 हजार लंच पैकेट और 10 हजार से अधिक राहत सामग्री बाढ़ पीड़ितों तक पहुंचाई गई है। जो लोग अभी भी मझधार में फंसे हुए हैं, उन्हें जल्द सुरक्षित स्थानों पर लाया जाएगा और किसी भी जरूरतमंद को राहत सामग्री से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
जिनके पास घर नहीं, उन्हें जल्द देंगे आवास
मंत्री ने गंगा किनारे बसे निषाद समुदाय को भरोसा दिलाया कि जिनके पास अभी आवास नहीं है, उन्हें मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भगवान राम 500 साल तक टेंट में रहे और आज उनका भव्य मंदिर बन रहा है। उसी तरह भाजपा सरकार आपको भी पक्का आवास दिलाएगी।
मछुआ कल्याण कोष बनाने वाला यूपी पहला राज्य
मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसी दलाल या नेता की जरूरत नहीं है। सरकार प्रत्यक्ष रूप से योजनाओं को लोगों तक पहुंचा रही है। निषाद समुदाय के बच्चों को पढ़ाई के लिए विशेष कैंपों के माध्यम से मदद दी जा रही है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य है जिसने ‘मछुआ कल्याण कोष’ की स्थापना की है।
जो हमारा हक मारें, उन्हें राजनीति से गायब कर दो
संजय निषाद ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि समय आ गया है कि जो लोग निषादों का हक मारते हैं, उन्हें राजनीति से गायब कर दिया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बिहार चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जैसे लंका में भगवान राम से पहले हनुमान गए थे, वैसे ही आप लोग 20 तारीख के बाद बिहार में हनुमान बनकर उतरें और संजय निषाद का संदेश वहां तक पहुंचाएं।
हमने दिल्ली में पीडीए की हवा निकाल दी
कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने विपक्षी दलों पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी ने दिल्ली में पीडीए की हवा निकाल दी, लेकिन कुछ छुटभैये नेता बीजेपी की हवा निकालने की कोशिश कर रहे हैं। उन्हीं लोगों ने पहले कांग्रेस, सपा और बसपा की नैया डुबोई थी और अब यहां भी नैया डुबाने पहुंच गए हैं। इसलिए सतर्क रहना जरूरी है। 2027 में नए गठबंधन की संभावनाओं पर बोलते हुए निषाद ने कहा कि एनडीए का 25 सालों का इतिहास रहा है, जो कांग्रेस की विचारधारा के खिलाफ खड़ा होकर बना है। उन्होंने भरोसा जताया कि 2027 के यूपी चुनाव में भी एनडीए मजबूती से कायम रहेगा और प्रदेश की राजनीति में विपक्ष की नकारात्मक कोशिशों को सफल नहीं होने देगा।
यह भी पढ़ें- समाज को बांटने के लिए सोशल मीडिया जिम्मेदार? अमेरिकी रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा!