यूपी के मुरादाबाद में बड़ा हादसा, ईंटों से भरी ट्रैक्ट्रर-ट्राली में घुसी कार, 4 की मौत से मचा मातम, दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर हुआ हादसा

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 16 Mar 2026, 01:56 pm
news-banner

मुरादाबाद में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर कार के ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसने से बैंक मैनेजर समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसा मूंढापांडे क्षेत्र में हुआ। सभी मृतक उत्तराखंड के रहने वाले थे और हल्द्वानी से दिल्ली जा रहे थे।

मुरादाबाद में सोमवार सुबह दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में बैंक मैनेजर समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सुबह करीब 6 बजे मूंढापांडे थाना क्षेत्र के मनकरा मोड़ के पास हुआ। बताया जा रहा है कि रामपुर की दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार आगे चल रही ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से घुस गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।


अस्पताल पहुंचने से पहले ही तीन की मौत

पुलिस ने घायलों को तुरंत मूंढापांडे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने कार सवार चार युवकों में से तीन को देखते ही मृत घोषित कर दिया। चौथे युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक दुर्घटना इतनी भयानक थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।


चारों उत्तराखंड के रहने वाले थे

पुलिस के अनुसार मृतकों में से एक की पहचान जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर हुई। मृतकों में नैनीताल के तल्लीताल निवासी बैंक मैनेजर दयाल सिंह रावत, टनकपुर के खालखेड़ा निवासी सुंदर सिंह और अल्मोड़ा के सोमश्वर-भंवरी निवासी भुवन सिंह भंडारी शामिल हैं। चौथे मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। उसकी मौत जिला अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। सभी लोग उत्तराखंड के रहने वाले बताए जा रहे हैं और हल्द्वानी से दिल्ली जा रहे थे।


कार हल्द्वानी से दिल्ली के लिए बुक थी

इस हादसे में घायल कार चालक की पहचान हल्द्वानी के दयाल विहार निवासी यशदीप पांडेय के रूप में हुई है। चालक के मुताबिक कार हल्द्वानी से दिल्ली के लिए बुक की गई थी। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


यह भी पढ़ें- यूपी में बदला मौसम, मुजफ्फरनगगर में झमाझम बारिश के साथ गिरे ओले, बिजनौर में आंधी से उखड़े पेड़, आज 43 जिलों में बारिश का अलर्ट, जानें कौन से जिलों के लिए चेतावनी

advertisement image