Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 12 May 2026, 12:52 pm
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई 2026 को आयोजित हुई NEET UG परीक्षा को रद्द कर दिया है। एजेंसी ने बताया कि केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद यह फैसला लिया गया है। परीक्षा की नई तारीखें जल्द घोषित की जाएंगी। NEET परीक्षा में पेपर लीक की आशंका और बड़े स्तर पर गड़बड़ी के आरोपों के बाद यह बड़ा निर्णय लिया गया है। NTA के मुताबिक पूरे मामले की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी CBI को सौंपी गई है। एजेंसी ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए दोबारा परीक्षा कराना जरूरी हो गया था। इस फैसले के बाद लाखों छात्रों और अभिभावकों में चिंता का माहौल है, हालांकि NTA ने भरोसा दिलाया है कि री-एग्जाम पूरी सुरक्षा और पारदर्शिता के साथ कराया जाएगा।
दोबारा रजिस्ट्रेशन नहीं होगा, फीस लौटाई जाएगी
NTA ने स्पष्ट किया है कि छात्रों को दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी। पहले से किए गए रजिस्ट्रेशन ही मान्य रहेंगे और पुराने परीक्षा केंद्रों पर ही दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी। री-एग्जाम के लिए नए एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे। इसके अलावा परीक्षा शुल्क भी छात्रों को वापस किया जाएगा। एजेंसी के अनुसार 8 मई से ही इस मामले से जुड़ी जांच केंद्रीय एजेंसियों को सौंप दी गई थी। जांच एजेंसियों की रिपोर्ट और सरकार की मंजूरी के बाद परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया। NTA ने कहा कि मौजूदा परीक्षा प्रक्रिया को जारी रखना उचित नहीं था, इसलिए निष्पक्षता बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।
राजस्थान से शुरू हुई थी पेपर लीक की जांच
जांच में राजस्थान के सीकर, झुंझुनू और देहरादून से जुड़े कई संदिग्धों के नाम सामने आए हैं। 10 मई को राजस्थान एसओजी ने कार्रवाई करते हुए 13 लोगों को हिरासत में लिया था। इनमें एक कोचिंग संस्थान से जुड़े करियर काउंसलर भी शामिल बताए जा रहे हैं। जांच एजेंसियों के मुताबिक परीक्षा से दो दिन पहले छात्रों तक हाथ से लिखे गए प्रश्नों का एक कथित ‘क्वेश्चन बैंक’ पहुंचा था। इसमें फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी के 300 से ज्यादा सवाल थे, जिनमें से करीब 150 सवाल हूबहू परीक्षा में आने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि 720 में से करीब 600 नंबर के सवाल छात्रों तक पहले ही पहुंच गए थे। अब सीबीआई पूरे नेटवर्क की जांच करेगी और सोशल मीडिया चैट, कॉल लॉग्स तथा संदिग्धों के संपर्कों की पड़ताल की जा रही है।
यह भी पढ़ें- 9 और 10 मई को होगा UPESSC प्रवक्ता भर्ती परीक्षा, 17 जिलों के 319 केंद्रों पर एग्जाम, अभ्यर्थी बोले- निगेटिव मार्किंग नहीं