Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 16 Dec 2025, 06:29 pm
सुल्तानपुर जिले के चांदा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर पीट-पीटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। यह घटना मंदनपुर, देवरांव गांव में सुबह करीब 8 बजे की बताई जा रही है। मृतका की पहचान 20 वर्षीय नीलम के रूप में हुई है। नीलम की शादी लगभग दो वर्ष पहले राजा नामक युवक से हुई थी। शादी के बाद से ही वह ससुराल में रह रही थी। नीलम की कोई संतान नहीं थी। ससुराल पक्ष की ओर से मृतका की सास शीतला निषाद ने बताया कि उनका छोटा बेटा राजा, जो नीलम का पति है, मानसिक रूप से अस्वस्थ है और फिलहाल मुंबई में रहता है। उनका कहना है कि पति के बाहर रहने के कारण नीलम घर में अन्य परिजनों के साथ रहती थी।
मायके वालों ने ससुराल वालों पर लगाया हत्या का आरोप
नीलम के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि नीलम को डंडे से बेरहमी से पीटा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोप है कि नीलम के देवर राजा निषाद (18), जो सीताराम निषाद का पुत्र है, ने ही उस पर डंडे से हमला किया। परिजनों के अनुसार, राजा निषाद मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जाता है और घटना वाले दिन सुबह से ही असामान्य व्यवहार कर रहा था। इसी दौरान उसने अचानक बिना किसी कारण नीलम पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
परिजन महिला को लेकर अस्पताल पहुंचे, डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
घटना के बाद परिजन नीलम को तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मायके और ससुराल दोनों पक्षों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेज दिया है। नीलम का मायका जौनपुर जिले के बदलापुर थाना क्षेत्र के मेड़ा गांव में है। चांदा थाना के प्रभारी निरीक्षक अमित मिश्रा ने बताया कि मामला संज्ञान में लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- बदमाश के खिलाफ दर्ज थे 16 मुकदमे, पुलिस को दे रहा था चकमा, फिर पुलिस का माथा ठकना, सिखाया ऐसा सबक, हर कोई बोला- बहुत बढ़िया