नितिन नबीन बने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, निभायेंगे ये अहम जिम्मेदारी

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 14 Dec 2025, 08:01 pm
news-banner

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की घोषणा कर दी गई है। यह जिम्मेदारी बिहार सरकार के मंत्री नितन नबीन को दी गई है। चुनाव कराने तक वह अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। आइए पूरा अपडेट जानते हैं।

भाजपा ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फैसला लेते हुए बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह जानकारी रविवार को भाजपा संसदीय बोर्ड के निर्णय के बाद राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने दी। नितिन नबीन की उम्र 45 वर्ष है और वे वर्ष 2010 से पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार विधायक हैं। फिलहाल वे नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव तक यह अहम जिम्मेदारी संभालेंगे।


भाजपा ने वर्ष 2020 में जेपी नड्डा को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया था। उनका कार्यकाल 2024 में समाप्त हो गया था, लेकिन इसके बाद उन्हें विस्तार दिया गया। वर्तमान में जेपी नड्डा केंद्र सरकार में स्वास्थ्य मंत्री के रूप में कार्यरत हैं। ऐसे में संगठन को सुचारु रूप से चलाने के लिए नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नबीन को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि नितिन नबीन ने एक मेहनती कार्यकर्ता के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई है। वे युवा और परिश्रमी नेता हैं और उनके पास समृद्ध संगठनात्मक अनुभव है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार में वे कई बार विधायक और मंत्री के रूप में जनता की सेवा कर चुके हैं और राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में भी संगठन को मजबूती देंगे।


फिलहाल नितिन नबीन को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है, लेकिन यदि भविष्य में उन्हें पूर्णकालिक राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जाता है तो वे भाजपा के इतिहास में सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। उनकी उम्र और संगठन में लंबे अनुभव को देखते हुए पार्टी में इस निर्णय को भविष्य की रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है। नितिन नबीन की नियुक्ति पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भी प्रतिक्रिया दी है। गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि नितिन नबीन ने भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव, बिहार प्रदेश युवा मोर्चा के अध्यक्ष और छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों को पूरी निष्ठा से निभाया है। वहीं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन नए आयाम स्थापित करेगा।


इस बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद को लेकर संभावित दावेदारों के नामों की भी चर्चा तेज है। इनमें मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, संगठन के रणनीतिकार माने जाने वाले सुनील बंसल, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वानति श्रीनिवासन, तमिलनाडु की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष तमिलिसाई सौंदर्यराजन और आंध्र प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डी. पुरंदेश्वरी शामिल हैं। इन सभी नेताओं का संगठनात्मक अनुभव, सामाजिक समीकरण और क्षेत्रीय प्रभाव भाजपा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि फिलहाल नितिन नबीन की नियुक्ति से यह साफ हो गया है कि पार्टी युवा नेतृत्व को आगे लाने और संगठन को मजबूत करने की दिशा में गंभीरता से कदम बढ़ा रही है।

यह भी पढ़ें- यूपी का बॉस बनते ही योगी के बगल में बैठे पंकज चौधरी, बोले- गलत के सामने झुकता नहीं, लड़ता हूं

advertisement image