Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 27 Dec 2025, 02:04 pm
यूपी के नवनियुक्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी शनिवार को आगरा दौरे पर रहेंगे। वे दोपहर करीब 2 बजे सिकंदरा पहुंचेंगे, जहां से उनका स्वागत कार्यक्रम शुरू हो जाएगा। इसके बाद शाम 4 बजे प्रतापपुरा स्थित द रमायना मैरिज होम में ब्रजक्षेत्र की बड़ी संगठनात्मक बैठक में भाग लेंगे। इस बैठक में प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल भी शामिल होंगे, जो लखनऊ से सीधे बैठक स्थल पर पहुंचेंगे। पंकज चौधरी का यह दौरा संगठन के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका प्रमुख क्षेत्रों में से एक पहला विस्तृत दौरा है, जहां वे सीधे जनप्रतिनिधियों और संगठन के पदाधिकारियों से संवाद करेंगे।
40 से ज्यादा जगहों पर होगा भव्य स्वागत
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत के लिए आगरा में व्यापक तैयारियां की गई हैं। जिले में 40 से अधिक स्थानों पर स्वागत मंच बनाए गए हैं। सिकंदरा चौराहा, कारगिल चौराहा, लक्ष्मी पैलेस मैरिज होम, बोदला चौराहा, मारुति एस्टेट चौराहा, पांडव नगर, साकेत कॉलोनी चौराहा, वाल्मीकि वाटिका, धाकरान चौराहा और प्रतापपुरा चौराहा जैसे प्रमुख स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम होंगे। मथुरा से आगरा आते समय जैसे ही जिले की सीमा शुरू होगी, वहीं से स्वागत का सिलसिला शुरू हो जाएगा। जिले की टीम पहले स्वागत करेगी, इसके बाद महानगर की टीम लगभग 25 स्थानों पर उनका अभिनंदन करेगी। पूरे मार्ग को होर्डिंग और बैनरों से सजाया गया है। स्वागत कार्यक्रमों में केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, विधायक और संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
700 नेताओं की मौजूदगी में संगठन पर मंथन
प्रतापपुरा स्थित द रमायना मैरिज होम में होने वाली ब्रजक्षेत्र की बैठक में लगभग 700 भाजपा नेता हिस्सा लेंगे। पहले इस बैठक में ब्रजक्षेत्र के सांसद, राज्यसभा सदस्य, विधायक, एमएलसी, क्षेत्रीय पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष और विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों को बुलाया गया था। अब मंडल अध्यक्षों को भी आमंत्रित किया गया है, जिससे बैठक का दायरा और बड़ा हो गया है।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी संगठन को और मजबूत करने, आगामी चुनावी तैयारियों और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर बातचीत करेंगे। प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल की मौजूदगी से बैठक को और अहम माना जा रहा है। भाजपा सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में संगठनात्मक अनुशासन, बूथ स्तर की मजबूती और कार्यकर्ताओं के फीडबैक पर विशेष चर्चा होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- एसआईआर ने बीजेपी को ही गड्ढे में गिराया, हर सीट में कमजोर पड़ी पार्टी: अखिलेश यादव