यूपी का बॉस बनते ही योगी के बगल में बैठे पंकज चौधरी, बोले- गलत के सामने झुकता नहीं, लड़ता हूं

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 14 Dec 2025, 06:54 pm
news-banner

उत्तर प्रदेश में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष की औपचारिक घोषण कर दी गई है। यहां पंकज चौधरी को नया बीजेपी अध्यक्ष चुना गया है। यूपी के बॉस बनने के बाद उनकी प्रतिक्रिया सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि गलत आदमी के सामने मैं कभी झुकता नहीं। आइए खबर में पूरा बयान जा

उत्तर प्रदेश भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी को निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष चुना गया। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने शंखनाद के बीच उनके नाम का औपचारिक ऐलान किया। जैसे ही पंकज चौधरी के नाम की घोषणा हुई, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बगल की कुर्सी से उठ खड़े हुए और पार्टी का झंडा नए अध्यक्ष को सौंपा। इसके बाद पंकज चौधरी मंच पर भूपेंद्र चौधरी की कुर्सी पर बैठे। इस ऐतिहासिक मौके पर मंच पर भाजपा के सात पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भी मौजूद रहे।


नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अपने पहले संबोधन में कार्यकर्ताओं को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि वे “रूल” करने नहीं, बल्कि “रोल” निभाने में विश्वास रखते हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत हैं और वे उनके लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करेंगे। पंकज चौधरी ने अपने काम करने के चार मूल मंत्र संगठन, संपर्क, संवाद और समन्वय बताए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वे गलत के सामने कभी हार नहीं मानते और इसी जिद ने उन्हें राजनीति के रास्ते पर आगे बढ़ाया है।


कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राजनीति में कार्यालय, कोष, कार्यक्रम और कार्यकर्ता सबसे अहम होते हैं, लेकिन उनके लिए कार्यकर्ता सर्वोच्च है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे कार्यकर्ताओं की लड़ाई लड़ेंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे और उनका समाधान भी करेंगे। उनका यह भाषण कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने वाला रहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर प्रशंसा की और उनके मुख्यमंत्री बनने से जुड़ा एक रोचक प्रसंग भी साझा किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में जब योगी आदित्यनाथ को उत्तर प्रदेश की कमान सौंपी गई, तब तत्कालीन भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने उन्हें फोन कर दिल्ली बुलाया था। पीयूष गोयल ने कहा कि यह फोन अमित शाह ने उनके ही घर से किया था।


सीएम योगी ने दी नए अध्यक्ष को बधाई- कहा मिलकर प्रदेश का विकास करेंगे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी नए प्रदेश अध्यक्ष को बधाई देते हुए उन्हें बुके भेंट किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश भाजपा को एक अनुभवी कार्यकर्ता के रूप में नया कप्तान मिला है। योगी ने कहा कि विरोधियों के पास सीधी ताकत भले न हो, लेकिन उनके छल और षड्यंत्रों से निपटने के लिए संगठन को साहस और शौर्य के साथ सतर्क रहना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगाह किया कि अति उदारता और जरूरत से ज्यादा भरोसा कई बार मुश्किलें बढ़ा देता है।


केशव बोले- पंकज चौधरी के नेतृत्व में पीडीए मॉडल की उड़ाई जाएंगी धज्जियां

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अब विधानसभा चुनाव सामने हैं और पंकज चौधरी के नेतृत्व में सपा के फर्जी पीडीए मॉडल की धज्जियां उड़ाई जाएंगी। उन्होंने दावा किया कि 2027 में 2017 का रिकॉर्ड भी टूटेगा। वहीं डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि नए अध्यक्ष के साथ पार्टी और संगठन को और मजबूत किया जाएगा और आगामी चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज होगी।

इस अवसर पर राष्ट्रीय परिषद के 120 सदस्यों के नामों का भी ऐलान किया गया, जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हैं।


यूपी अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए एक साल से चल रही थी मशक्कत

करीब 11 महीने की लंबी मशक्कत के बाद पंकज चौधरी उत्तर प्रदेश भाजपा के 17वें प्रदेश अध्यक्ष बने हैं। गोरखपुर निवासी पंकज चौधरी कुर्मी समुदाय से आते हैं और उन्हें शाह-मोदी का करीबी माना जाता है। भाजपा ने इस चुनाव को मेगा इवेंट का रूप दिया, जिसमें प्रदेशभर से करीब 15 हजार कार्यकर्ता लखनऊ स्थित लोहिया लॉ यूनिवर्सिटी पहुंचे। ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बन रहा था।


यह भी पढ़ें- लखनऊ में बोले सीएम योगी, कहा- सरकार व संगठन मिलकर प्रदेश को आगे बढ़ाएंगे

advertisement image