Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 08 May 2026, 12:52 pm
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में विजय थलापति की पार्टी टीवीके (TVK) 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। पार्टी ने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा भी पेश कर दिया है, लेकिन बहुमत के लिए जरूरी 118 विधायकों का समर्थन अभी उसके पास नहीं है। ऐसे में सरकार गठन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी बीच बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए बीजेपी और केंद्रीय एजेंसियों को लेकर बड़ा बयान दिया है।
पप्पू यादव ने सोशल मीडिया पर कसा तंज
शुक्रवार को सांसद पप्पू यादव ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा कि तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए राज्यपाल को बीजेपी के एकमात्र विधायक को आमंत्रित करना चाहिए। उन्होंने तंज भरे अंदाज में कहा कि बीजेपी के लिए बहुमत साबित करना सबसे आसान होता है।
अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा, “गवर्नर, ED, CBI, IT विभाग और चुनाव आयोग जी तोड़ मेहनत कर उनके लिए बहुमत सहजता से जुटा देंगे।” पप्पू यादव का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे विपक्ष की ओर से केंद्र सरकार पर निशाना माना जा रहा है।
TVK का भविष्य सहयोगी दलों के फैसले पर टिका
वहीं दूसरी तरफ तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर टीवीके की नजर अब CPI, CPM और VCK जैसे दलों पर टिकी हुई है। पार्टी ने इन दलों से समर्थन मांगा है और माना जा रहा है कि शाम तक ये दल अपना फैसला सुना सकते हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि कई नेता जनादेश का सम्मान करते हुए टीवीके को समर्थन देने के पक्ष में हैं, लेकिन डीएमके का दबाव भी इन दलों पर बना हुआ है। इधर राज्यपाल के रुख को लेकर भी विपक्षी दल लगातार सवाल उठा रहे हैं। तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी ने राज्यपाल और केंद्र सरकार के खिलाफ राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। इसी सिलसिले में चेन्नई में जिला कांग्रेस अध्यक्षों की अहम बैठक भी बुलाई गई है। तमिलनाडु की राजनीति में जारी इस सियासी घमासान पर पूरे देश की नजर बनी हुई है।
यह भी पढ़ें- तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए विजय ढूंढ रहे विधायक, अभी टल सकता है शपथ ग्रहण, बंगाल में 9 मई को भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह