लखनऊ एयरपोर्ट पर हालात हुए बेकाबू, आपस में भिड़े पैसेंजर्स, एक-दूसरे को गिरा-गिराकर पीटा

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 06 Dec 2025, 04:45 pm
news-banner

फ्लाइटों के रद्द होने का असर अब लोगों को दिमागी तौर पर परेशान करने लगा है। यात्री अब गुस्से में हैं और बेकाबू होने लगे हैं। इसका उदाहरण लखनऊ एयरपोर्ट पर देखने को मिला है। यहां यात्रियों ने आपस में झगड़ा कर लिया और एक-दूसरे को गिरा-गिराकर मारा है।

लखनऊ एयरपोर्ट पर शनिवार को हालात पूरी तरह बेकाबू हो गए। इंडिगो की फ्लाइट लगातार चौथे दिन रद्द होने से करीब एक हजार यात्री एयरपोर्ट पर फंसे रहे। बढ़ती भीड़ और अव्यवस्था के बीच कुछ यात्री आपस में भिड़ गए और मारपीट की नौबत आ गई। उन्होंने एक-दूसरे को गिरा-गिराकर लात घूसों से मारा-पीटा। मीडिया कर्मियों इस घटना को कवर करने गए तो वहां सुरक्षाकर्मी बदतमीजी पर उतर आए। वह मीडियाकर्मियों से अभद्रता करने लगे और कैमरा छीनने की कोशिश की। इससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।


शनिवार को इंडिगो की 22 फ्लाइटें हुईं रद्द

शनिवार को इंडिगो की कुल 22 फ्लाइट और एक एयर इंडिया की फ्लाइट रद्द कर दी गई। कई यात्री चार दिनों से लखनऊ के अलग-अलग होटलों में ठहरे हुए हैं। लगातार कैंसिलेशन के चलते यात्रियों में भारी आक्रोश है। दिल्ली से शादी में शामिल होने आए एक यात्री ने बताया कि उसका लगेज इंडिगो प्रशासन ने रोक लिया है और वह तीन दिन से सामान के इंतजार में है। उसने नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि इंडिगो अधिकारी सामने मिल जाएँ तो वह उन्हें थप्पड़ मार दे। यात्रियों का कहना है कि बिना कपड़ों और जरूरी सामान के वे मजबूरी में कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं। कई लोगों को 7 और 8 दिसंबर की नई उड़ानों के टिकट दिए गए, जिससे असंतोष और बढ़ गया।


गुस्से में यात्रियों ने टिकट का पैसा मांगा वापस

दोपहर बाद एयरपोर्ट पर भीड़ और बढ़ गई। कई यात्री टिकट का रिफंड मांगने लगे, जिस पर उनकी गार्डों से बहस हो गई। स्थिति को काबू में रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा लगानी पड़ी। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, इंडिगो एयरलाइंस संचालन सामान्य करने की कोशिश कर रही है, लेकिन हालात अभी पूरी तरह संभले नहीं हैं। यात्रियों से अपील की जा रही है कि वे यात्रा से पहले अपनी उड़ान की स्थिति ऑनलाइन चेक कर लें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।


फ्लाइट का स्टेटस ऑनटाइम, एयरपोर्ट पहुंचे तो रद्द 

देहरादून के लिए यात्रा करने वाले डॉ. अभिषेक ने बताया कि ऑनलाइन फ्लाइट ऑन-टाइम दिखाई दे रही थी, लेकिन एयरपोर्ट पहुंचने पर पता चला कि उड़ान रद्द हो चुकी है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन और ऑफलाइन जानकारी में अंतर होने से यात्रियों की परेशानी और बढ़ रही है।


यह भी पढ़ें- कोई रो पड़ा तो कोई बोला- इंडिगो वाले मिल जाएं तो थप्पड़ मार दूं.. परेशान यात्रियों की तस्वीरें देख हिल जाएंगे आप!

advertisement image