कोई रो पड़ा तो कोई बोला- इंडिगो वाले मिल जाएं तो थप्पड़ मार दूं.. परेशान यात्रियों की तस्वीरें देख हिल जाएंगे आप!

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 06 Dec 2025, 02:51 pm
news-banner

यूपी-दिल्ली से लेकर पूरे देश में इंडिगो की फ्लाइट कैंसिल होने से अफरा-तफरी मची हुई है। यात्रियों की पीड़ा अब किसी को बर्दास्त नहीं हो रही है। परेशान होेकर कोई यात्री रोने लगा तो कोई बोला कि इंडिगो वाले मिल जाएं तो थप्पड़ मार दूं।

लखनऊ एयरपोर्ट पर इंडिगो की सेवाएं चौथे दिन भी बुरी तरह प्रभावित रहीं। शनिवार को दोपहर तक 11 और दोपहर से रात तक 11 फ्लाइटें रद्द कर दी गईं। एयर इंडिया की भी एक उड़ान रद्द हुई है। स्थिति यह है कि दूर-दूर से आए कई यात्री पिछले चार दिनों से लखनऊ के होटलों में रुके हुए हैं और लगातार हो रही असुविधा के कारण उनका आक्रोश बढ़ता जा रहा है। एक यात्री ने गुस्से में कहा कि यदि इंडिगो वाले सामने आ जाएं तो मैं उन्हें थप्पड़ मार दूं।


कई यात्रियों की यात्रा की रिशेड्यूल

कई यात्रियों को 7 और 8 दिसंबर की नई टिकटें थमा दी गई हैं। नेपाल से आए चार यात्रियों के ग्रुप ने बताया कि वे 3 दिसंबर को कोलकाता होकर वियतनाम जाने के लिए लखनऊ पहुंचे थे, लेकिन एयरपोर्ट पर पता चला कि इंडिगो की कोलकाता वाली फ्लाइट 6E-505 भी रद्द हो चुकी है। वे तीन दिन से होटल में फंसे हुए हैं और आगे की यात्रा को लेकर असमंजस में हैं।




परेशान होकर रोने लगी लड़की

देश के अन्य हवाई अड्डों की स्थिति भी चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। अहमदाबाद एयरपोर्ट पर उड़ानें रद्द होने से यात्रियों की भीड़ उमड़ आई। कई लोग तो परेशान होकर रोने तक लगे। लंबी-लंबी लाइनों के बीच यात्रियों को बैठने तक की जगह नहीं मिल पा रही है। चेन्नई में वीजा इंटरव्यू के लिए निकले दो यात्रियों ने बताया कि उनकी फ्लाइट रद्द कर दी गई थी और इंडिगो की ओर से कोई स्पष्ट निर्देश नहीं मिला। एक न्यूरो पेशेंट ने बताया कि उन्हें पहले कहा गया कि शनिवार को उड़ान नहीं चलेगी, लेकिन बाद में रीशेड्यूल की गई फ्लाइट बिना सूचना उड़ गई और तबीयत खराब होने की वजह से वह अस्पताल में भर्ती रह गए। एयरलाइन की ओर से उन्हें कोई सहायता नहीं मिल पा रही है।




मजबूरन होटलों में रुके हुए हैं कई यात्री

कई यात्रियों ने यह भी बताया कि दूसरी एयरलाइंस के टिकट पूरी तरह से बुक हो चुके हैं। इससे यात्रा के विकल्प बेहद सीमित हो गए हैं और लोग मजबूरन हवाई अड्डों और होटलों में रुके हुए हैं। यात्रियों की परेशानी लगातार बढ़ रही है और स्थिति के जल्द सुधरने की उम्मीद फिलहाल नजर नहीं आ रही है।


यह भी पढ़ें- पूरे यूपी में हाई अलर्ट, सुरक्षा एजेंसियां एक्टिव, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात, क्यों लिया गया फैसला?

advertisement image