Curated By:
editor1 |
Hindi Now Uttar Pradesh • 12 Jun 2025, 05:16 pm
गुजरात के अहमदाबाद से गुरुवार दोपहर एक बड़े हादसा की खबर सामने आई है। लंदन के लिए रवाना हो रही एयर इंडिया की फ्लाइट टेक ऑफ करते ही क्रैश हो गई है। हादसे के दृश्य बेहद डरावनेहैं। उस दौरान एयरपोर्ट से उठता काला धुआं आसमान में साफ नजर आया। बताया जा रहा है कि इस विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपानी भी सवार थे। उनके कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक वह इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मीडिआ रिपोर्ट्स के मुताबिक विजय रुपाणी पत्नी अंजलि रूपानी लंदन में हैं और माना जा रहा है कि पूर्व सीएम उन्हें वापस लाने के लिए ही रवाना हुए थे। पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह चूड़ासमा ने बताया कि घटना की खबर उन्हें टीवी पर मिली। उन्हें रूपानी के लंदन जाने की तैयारी के बारे में बिलकुल जानकारी नहीं थी। उन्होंने तुरंत टीवी बंद किया और गांधीनगर स्थित रूपानी के घर पहुंचे। बताया जा रहा है कि रूपानी की सीट नंबर 2D थी। एयर इंडिया की यह फ्लाइट दोपहर 1:39 बजे लंदन के लिए टेक ऑफ कर रही थी। उसमें करीब 242 यात्री सवार थे। उड़ान भरते ही विमान मेघानी नगर के रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। तेज धमाके की आवाज और आसमान में उठते धुएं के गुबार ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी।
विमान हादसे की इस घटना से स्थानीय लोग दहशत में आ गए और कई किलोमीटर तक धुआं देखा। एयर इंडिया की ओर से एक ट्वीट जारी कर हादसे की पुष्टि की गई। फ्लाइट नंबर AI171 एक बोइंग ड्रीमलाइनर विमान था, जिसकी क्षमता 300 से अधिक यात्रियों की बताई जाती है। यह विमान अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भर रहा था जब अचानक तकनीकी खराबी या अन्य कारणों से हादसे का शिकार हो गया। घटनास्थल पर तुरंत फायर ब्रिगेड और राहत दल भेजा गया। फिलहाल घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और कई यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। एयरपोर्ट प्रशासन और DGCA ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। इस हादसे से पूरे राज्य में शोक और चिंता का माहौल बन गया है।
यह भी पढ़ें- 242 यात्रियों से भरा विमान क्रैश, 100 लोगों की मौत की आशंका! फटाफट जान लें पूरा अपडेट