पश्चिम बंगाल में पीएम मोदी की रैली से पहले बवाल, बीजेपी-टीएमसी कार्यकर्ताओं में जमकर हुई झड़प, प्रधानमंत्री बोले- जंगलराज का काउंटडाउन शुरू

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 14 Mar 2026, 04:59 pm
news-banner

कोलकाता में पीएम मोदी की रैली से पहले भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प और पत्थरबाजी हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को खदेड़ा। ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पीएम मोदी ने 18,680 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन करते हुए टीएमसी सरकार पर निशाना साध

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली से पहले राजनीतिक माहौल गरमा गया। गिरीश पार्क इलाके में भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते पत्थरबाजी में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुई झड़प के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को खदेड़कर हालात पर काबू पाया। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। राज्य की उद्योग, वाणिज्य और उद्यम मंत्री शशि पंजा ने आरोप लगाया कि झड़प के दौरान उन पर ईंट से हमला किया गया। उनका कहना है कि भाजपा केवल गुंडागर्दी ही नहीं, बल्कि हिंसक राजनीति कर रही है। मंत्री पंजा का घर भी इसी इलाके में बताया जा रहा है। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।


ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पीएम मोदी का संबोधन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को पश्चिम बंगाल दौरे पर पहुंचे। उन्होंने कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में करीब 18,680 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आरएन रवि और भाजपा के कई नेता भी मौजूद रहे। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल में ‘जंगलराज’ का अंत करीब है और राज्य में बदलाव का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस, फिर कम्युनिस्ट और अब टीएमसी ने राज्य पर शासन किया, लेकिन इन सरकारों ने केवल अपनी जेब भरने का काम किया। पीएम ने कहा कि भाजपा सही नीतियों और नीयत के साथ बंगाल को विकास की नई दिशा देने के लिए काम करेगी, जिससे किसानों, युवाओं, व्यापारियों और छात्रों को लाभ मिलेगा।


टीएमसी सरकार पर पीएम का हमला

अपने भाषण में प्रधानमंत्री मोदी ने टीएमसी सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केंद्र की योजनाओं को लोगों तक पहुंचने से रोकती है और कटमनी के कारण गरीबों को उनका हक नहीं मिल पाता। पीएम ने आरोप लगाया कि बंगाल में अपराध बढ़ रहे हैं और महिलाओं के खिलाफ घटनाएं चिंता का विषय बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि बंगाल में युवाओं को न तो अच्छी शिक्षा मिल रही है और न ही रोजगार, जिसके कारण कई लोगों को दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि अब समय आ गया है कि बंगाल में बदलाव हो और राज्य के विकास के लिए नई दिशा तय की जाए।


बंगाल में बदलाव का आह्वान

प्रधानमंत्री ने कहा कि पूरे बंगाल में बदलाव की मांग उठ रही है और जनता अब परिवर्तन चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी सरकार लोगों को धमकी देकर और डर का माहौल बनाकर सत्ता में बने रहने की कोशिश कर रही है। पीएम ने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर सुशासन लाया जाएगा और राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि गरीबों को पक्का घर, साफ पानी और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। पीएम मोदी ने लोगों से अपील की कि वे राज्य के भविष्य के लिए सही फैसला लें और विकास की दिशा में आगे बढ़ें।


यह भी पढ़ें- देश में डीजल-पेट्रोल संकट गहराना विदेश नीति का फेलियर, युद्ध के समय भी भाजपा करना चाहती है मुनाफाखोरी: अखिलेश यादव

advertisement image