Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 06 Nov 2025, 05:31 pm
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गोली मारने की धमकी देने वाला अभी भी फरार है। हालांकि पुलिस को यह पता चल गया है कि वह शख्स कौन है? पुलिस के मुताबिक आरोपी एक टेंट कारोबारी है। उसने 2 नवंबर की रात यूपी 112 नंबर पर फोन कर पुलिस कंट्रोल रूम में धमकी दी थी। कॉल पर उसने कहा था कि सीएम को गोली मार दूंगा। धमकी देने वाले की पहचान प्रयागराज के सोरांव थाने के बरजी गांव निवासी मनीष दुबे के रूप में हुई है। धमकी के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
आरोपी की तलाश में पुलिस ने लखनऊ, बाराबंकी समेत कई जिलों में छापेमारी की है, लेकिन आरोपी अब तक पकड़ में नहीं आया है। बुधवार रात पुलिस की विशेष टीम प्रयागराज स्थित मनीष के घर पहुंची, जहां उसके परिवार से पूछताछ की गई। जानकारी मिली कि वह परिवार के साथ कुछ समय पहले लखनऊ शिफ्ट हो गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने मुख्यमंत्री को धमकी क्यों दी और किस वजह से वह नाराज था।
बार-बार लोकेशन बदलता रहा आरोपी, फिर बंद कर दिया फोन
इस मामले में 3 नवंबर को बाराबंकी कोतवाली में दरोगा सुदर्शन सिंह ने मुकदमा दर्ज कराया था। एफआईआर के मुताबिक 2 नवंबर की रात 11:15 बजे पीआरवी टीम को सूचना मिली कि मनीष दुबे नाम के शख्स ने अपने मोबाइल से यूपी 112 पर कॉल कर मुख्यमंत्री को गोली मारने की धमकी दी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पीआरवी कर्मियों ने उसे कई बार फोन किया, लेकिन वह लोकेशन बदलता रहा। कभी उसने खुद को चारबाग, लखनऊ बताया तो कभी प्रयागराज का हवाला देकर मोबाइल बंद कर दिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मनीष दुबे चार भाइयों में सबसे छोटा है और टेंट हाउस का कारोबार करता है। सोरांव थाने के प्रभारी केशव वर्मा ने बताया कि आरोपी के पारिवारिक और आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच की जा रही है।
योगी को जेड प्लस सुरक्षा, 75 एनएसजी कमांडों, महीने में खर्च होते हैं डेढ़ करोड़
मुख्यमंत्री योगी की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन बेहद सतर्क है। योगी को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है। उनकी सुरक्षा में एनएसजी के 25 कमांडो हर समय तैनात रहते हैं। इनकी तीन शिफ्टों में ड्यूटी लगती है, यानी कुल 75 कमांडो सुरक्षा में रहते हैं। इसके अलावा उनके काफिले में 5 बुलेटप्रूफ गाड़ियां भी शामिल हैं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक योगी की सुरक्षा पर हर महीने करीब 1 करोड़ 39 लाख रुपये खर्च किए जाते हैं। इसमें एक अपर पुलिस अधीक्षक, सात पुलिस उपाधीक्षक, 52 निरीक्षक, 21 उप निरीक्षक, 23 मुख्य आरक्षी और 127 आरक्षी तैनात रहते हैं। हालांकि इसमें एनएसजी की तैनाती पर होने वाला अतिरिक्त खर्च शामिल नहीं है।
यह भी पढ़ें- बिहार में एनडीए प्रत्याशी पर हमला, चले ईंट-पत्थर, अस्पताल में भर्ती, जानें पूरा मामला