बदमाश के खिलाफ दर्ज थे 16 मुकदमे, पुलिस को दे रहा था चकमा, फिर पुलिस का माथा ठकना, सिखाया ऐसा सबक, हर कोई बोला- बहुत बढ़िया

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 16 Dec 2025, 06:10 pm
news-banner

यूपी के बहराइच जिले में एक बदमाश के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई है। पुलिस ने उसके पैर में गोली मारकर उसे लंगड़ा कर दिया, इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। वह लंबे समय से पुलिस को तंग कर रहा था। उसके खिलाफ अलग-अलग जिलों में 16 मुकदमे दर्ज हैं।

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ प्रदेश के अलग-अलग जनपदों में गंभीर धाराओं में कुल 16 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और गतिविधियों की विस्तृत जांच में जुट गई है। यह कार्रवाई रामगांव थाना पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त टीम ने मंगलवार तड़के की। पुलिस टीम इलाके में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक केटीएम बाइक पर सवार संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर बदमाश घबरा गया और खुद को घिरता देख उसने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी।


जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली, पुलिस ने दबोचा

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई। गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे काबू में ले लिया। घायल बदमाश की पहचान अर्जुन सिंह पुत्र संजय सिंह, निवासी हल्दी रामपुर, थाना बलिया के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि वह वर्तमान में श्रावस्ती जिले के लखैया क्षेत्र में रह रहा था और लगातार अपनी पहचान छिपाकर गतिविधियां चला रहा था।


32 बोर की पिस्टल समेत कारतूस और बाइक बरामद

पुलिस द्वारा की गई तलाशी में आरोपी के पास से एक 32 बोर की पिस्टल, दो खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस और एक केटीएम मोटरसाइकिल बरामद की गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अर्जुन सिंह पर लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य संगीन अपराधों से जुड़े कुल 16 मुकदमे विभिन्न जिलों में दर्ज हैं।


घायल बदमाश को अस्पताल में  कराया गया भर्ती

मुठभेड़ में घायल हुए बदमाश को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। रामगांव थानाध्यक्ष के अनुसार आरोपी चोरी की बाइक और अवैध हथियार के साथ नेपाल भागने की फिराक में था। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है और उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


यह भी पढ़ें- गर्लफ्रेंड का कमरा खाली कराया तो बॉयफ्रेंड ने ठेकेदार के साथ कर दिया कांड, पूरा मामला जान आप भी हो जाएंगे शॉक्ड!

advertisement image