कौशांबी से गांजा लाकर लखनऊ में बेचता था बदमाश, पुलिस का ठनका माथा, फिर जो हुआ, आप कहेंगे- बहुत बढ़िया

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 08 Dec 2025, 05:19 pm
news-banner

यूपी की राजधानी लखनऊ में पुलिस के साथ गांजा तस्करों की मुठभेड़ हुई है। पुलिस ने आरोपियों को दौड़ाकर गोली मारी है। इस दौरान एक बदमाश लंगड़ा हो गया है, जबकि दूसरा दबोच लिया गया है। आइए पूरा मामला जानते हैं।

लखनऊ में रविवार देर रात पुलिस और ड्रग्स तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस दौरान पुलिस ने एक इनामी बदमाश को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना मोहनलालगंज इलाके की कनकहा चौकी के पास हुई है, जहां एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस की टीम संदिग्धों की तलाश में गश्त कर रही थी। पुलिस को पहले से सूचना मिली थी कि कौशांबी निवासी और वांछित तस्कर पंकज त्रिपाठी इस क्षेत्र में सक्रिय हैं और किसी बड़ी डील की फिराक में घूम रहा है। पुलिस ने घेराबंदी की तो मुठभेड़ हो गई।


गौरतलब है कि पुलिस गुप्त जानकारी के आधार पर इलाके में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध दिखाई दिए। जब पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने बाइक तेज कर दी और भागने की कोशिश करने लगे। आगे जाकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग भी कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली पंकज त्रिपाठी के दाहिने पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे तुरंत पकड़ लिया। उसके साथ मौजूद कौशांबी निवासी उसके साथी नरेंद्र को भी पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया है।


पंकज पर घोषित था 50 हजार का इनाम

पुलिस जांच में सामने आया कि घायल बदमाश पंकज त्रिपाठी एनडीपीएस एक्ट के मामलों में वांछित था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वह कौशांबी से लखनऊ समेत आसपास के जिलों में गांजा और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा था। थाना सैनी, कौशांबी में उसके खिलाफ पहले से ही केस दर्ज है और पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी। लखनऊ पुलिस और एएनटीएफ की टीम उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए थी, जिसके बाद उसे पकड़ने के लिए विशेष टीम गठित की गई थी।


पुलिस ने घटनास्थल से बरामद किया तमंचा

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से कई आपत्तिजनक वस्तुएं भी बरामद कीं। इनमें 0.315 बोर का एक देसी तमंचा, दो खाली खोखे, एक जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल, कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज और 2,050 रुपये नकद शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद दस्तावेजों से तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं और इस गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।


पुलिस ने घायल को अस्पताल में कराया भर्ती

घटना की सूचना मिलते ही एडीसीपी साउथ और एसीपी मोहनलालगंज मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की। घायल पंकज त्रिपाठी को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं, पुलिस अब उसके गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान तस्करी नेटवर्क से जुड़े और बड़े खुलासे होने की संभावना है।


यह भी पढ़ें- कफ सिरप माफिया शुभम जायसवाल को एक और झटका, अब पुलिस ने जो किया, जानकर आप भी कहेंगे- बढ़िया

advertisement image