यूपी में रातभर गोलियों की तड़तड़ाहट, हापुड़ और प्रयागराज में जो हुआ, जानकर आप भी कहेंगे- जरूरी था

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 25 Nov 2025, 01:08 pm
news-banner

उत्तर प्रदेश बीती रात गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। यहां दो जिलों में पुलिस ने बदमाशों को खदेड़ लिया और उनका हाफ एनकाउंटर कर दिया। इस दौरान एक इनामी बदमाश भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आइये पूरा मामला जानते हैं।

यूपी के हापुड़ और प्रयागराज में सोमवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच दो अलग-अलग मुठभेड़ हुई। इस दौरान गोली लगने के बाद दो शातिर अपराधियों को पुलिस ने दबोच लिया। हापुड़ के धौलाना क्षेत्र में पुलिस और गोकशी करने वाले बदमाशों के बीच मसूरी नहर पटरी पर मुठभेड़ हुई। वहीं प्रयागराज के थरवई में 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गोली लगने के बाद पकड़ा गया।


हापुड़ में एक बदमाश को लगी गोली, एक फरार

हापुड़ में सीओ पिलखुवा अनीता चौहान ने बताया कि धौलाना थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान अपनी टीम के साथ नहर पटरी पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो उन्होंने भागने की कोशिश की और टीम पर फायर झोंक दिया। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। 


गिरफ्तार बदमाश के खिलाफ गोकशी का मामला दर्ज

घायल बदमाश की पहचान गाजियाबाद के मुरादनगर निवासी फिरोज के रूप में हुई है, जो फिलहाल धौलाना के पिपलेड़ा गांव में रह रहा था। उसके खिलाफ गोकशी के दो मामले दर्ज हैं और पुलिस काफी समय से उसकी तलाश कर रही थी। उसके पास से एक तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद हुई है। पुलिस फरार साथी की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।


फतेहपुर का बदमाश प्रयागराज में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

वहीं प्रयागराज के थरवई क्षेत्र में चेकिंग के दौरान सोमवार रात करीब साढ़े 11 बजे स्कूटी सवार एक संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही वह तेजी से भागने लगा। पीछा करने पर उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी और वह पकड़ा गया। आरोपी की पहचान मोनू पाल निवासी फतेहपुर के रूप में हुई है।


आरोपी पर 25 हजार का इनाम घोषित, चोरी के 24 फोन बरामद

मोनू पाल पर मोबाइल चोरी के एक मामले में 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तार आरोपी के पास से चोरी के 24 मोबाइल फोन, बिना नंबर प्लेट की स्कूटी और अवैध तमंचा बरामद किया गया है। घायल मोनू को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में आगे की जांच जारी है और फरार अपराधियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


यह भी पढ़ें- 10 साल से लंदन में बैठकर मौलाना कर रहा था खेल, यूपी में सपोर्ट करने वाले अधिकारियों पर गिरी गाज, जानकर हो जाएंगे शॉक्ड

advertisement image