Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 09 Dec 2025, 11:45 am
उत्तर प्रदेश पुलिस ने शामली में एक मुठभेड़ के दौरान कुख्यात अपराधी समयदीन उर्फ सामा को मार गिराया। पुलिस के मुताबिक सामा का आपराधिक नेटवर्क यूपी से लेकर कर्नाटक तक फैला हुआ था। यूपी में लगातार आपराधिक गतिविधियों और जेल जाने के बाद उसने कर्नाटक का रुख किया, जहां उसने कथित तौर पर कई अपराधों को अंजाम दिया। वहां भी वांछित होने के बाद वह कुछ समय हरियाणा के कैथल में छिपकर रह रहा था और हाल ही में फिर से शामली क्षेत्र में सक्रिय हो गया था।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने सामा के पास से भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद किए। उसके पास से 9 एमएम की एक पिस्टल, .32 बोर की एक पिस्टल और 315 बोर का एक तमंचा मिला। इसके अलावा छह खोखा कारतूस और चार जिंदा 315 बोर के कारतूस भी जब्त किए गए। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सामा के खिलाफ लूट, डकैती और अन्य संगीन धाराओं में 20 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। अक्टूबर में शामली में हुए एक अन्य एनकाउंटर के दौरान वह पुलिस के घेरे से बचकर फरार हो गया था, जबकि उसका एक साथी मारा गया था। तभी से पुलिस उसकी तलाश में लगी थी और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
शामली के पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने बताया कि यह एनकाउंटर थाना भवन और बाबरी थाना की संयुक्त टीम ने बहैसानी गांव के एक बंद पड़े ईंट-भट्ठे के पास किया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश वहां बैठकर लूट या डकैती की बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। इस सूचना पर दोनों थानों की टीमों ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की। पुलिस ने देखा कि पांच से छह बदमाश अलाव जलाकर बैठे थे। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोलीबारी की।
इस मुठभेड़ के दौरान समयदीन गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दौरान उसके पांच अन्य साथी अंधेरे और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दे रही है और आसपास के जिलों में अलर्ट जारी किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मारा गया बदमाश समयदीन उर्फ सामा मूल रूप से कांधला थाना क्षेत्र के मोहल्ला रायजादगान का रहने वाला था। बाद में वह कर्नाटक के जनता कॉलोनी, ऊरुकेरे, जनपद तुमकुर में रहने लगा था और वहां वांछित होने के बाद हरियाणा के कैथल में शरण ली थी। पुलिस का कहना है कि वह अपने साथियों के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही शामली पुलिस की कार्रवाई में वह मारा गया। फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
यह भी पढ़ें- कौशांबी से गांजा लाकर लखनऊ में बेचता था बदमाश, पुलिस का ठनका माथा, फिर जो हुआ, आप कहेंगे- बहुत बढ़िया