Curated By:
editor1 |
Hindi Now Uttar Pradesh • 30 Jul 2025, 02:12 pm
हत्यारोपी के साथ पुलिस की मुठभेड़, कर दिया लंगड़ा
फतेहपुर जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र में हत्या के आरोपी के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई है। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। बताया जा रहा है कि पकड़ा गया आरोपी सर्वेश निषाद पर एक महिला की हत्या का आरोप है। इस मामले में पुलिस ने पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया था। उसने पुलिस की पूछताछ में अपना गुनाह कबूल कर लिया है। इस मामले में एसओजी और पुलिस की संयुक्त टीम उसे बरामदगी के लिए घटनास्थल पर ले गई थी। वहां आरोपी ने मौका पाकर एक उपनिरीक्षक की सर्विस पिस्टल छीन ली और भागने की कोशिश की। इस दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिससे उसके दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल से एक मोबाइल फोन और एक जोड़ी चप्पल बरामद की है, जो महिला की हत्या से जुड़े केस में अहम कड़ियां हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया चला रही है।
शादी का झांसा देकर दिव्यांग युवती से दुष्कर्म
इटावा में एक दिव्यांग युवती से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने झांसी निवासी आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी आनंद चौधरी ने इंस्टाग्राम पर युवती से दोस्ती की थी। फिर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान उसने अश्लील वीडियो भी बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। पीड़िता ने 14 मई 2025 को फ्रेंड्स कॉलोनी थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की जांच सिविल लाइन थाने के अपराध निरीक्षक राजा दुबे कर रहे थे। इसी बीच मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सोमवार को वाहन चेकिंग के दौरान आरोपी को नुमाइश चौराहा से गिरफ्तार कर लिया। सिविल लाइन थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया है। पुलिस पूरे मामले की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
खाली पड़े घर पर चोरों किया हाथ साफ, लाखों के गहने व सामान चोरी
बांदा शहर कोतवाली के कालू कुआं चौकी क्षेत्र स्थित शंकरनगर में चोरों ने एक खाली पड़े घर को निशाना बनाया है और बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने छत की रेलिंग तोड़कर पानी की सटक के सहारे अंदर प्रवेश किया और दर्जन भर ताले तोड़कर घर का सारा सामान पार कर दिया। जेवर, नकदी और गृहस्थी का कीमती सामान लेकर चोर फरार हो गए हैं। बताया जा रहा है कि अधिक जलभराव के कारण परिवार के लोग घर छोड़कर दूसरे स्थान पर चले गए थे। बच्चों की स्कूल जाने में भी परेशानी हो रही थी। घर खाली देखकर चोर मौका पा गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- भाजपा नेता की हत्या, ईंट से सिर कुचलकर दी दर्दनाक मौत, अब मचेगा बवाल?