Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 16 Dec 2025, 03:50 pm
प्रयागराज जिले के प्रतापपुर क्षेत्र के रहने वाले भाजपा नेता अखिलेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ राजू यादव की यमुना एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हादसा मथुरा के पास उस समय हुआ, जब घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी और कई वाहन आपस में टकरा गए। दुर्घटना में उनके साथ यात्रा कर रहे तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार राजू यादव अपनी कार से दिल्ली जा रहे थे। देर रात यमुना एक्सप्रेसवे पर मथुरा के समीप अचानक घना कोहरा छा गया, जिससे सामने से आ रहे वाहनों को देख पाना मुश्किल हो गया। इसी दौरान बसों और कारों की एक के बाद एक टक्कर हो गई। हादसे के बाद एक इलेक्ट्रिक बस में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिसने तेजी से आसपास खड़े अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयानक थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने की कोशिश की गई और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन गंभीर रूप से झुलसने के कारण राजू यादव की जान नहीं बचाई जा सकी। इस दर्दनाक हादसे में उनके अलावा भी कई लोगों के मारे जाने की सूचना है, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल बताए जा रहे हैं।
अखिलेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ राजू यादव भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते थे और कई मंत्रियों के करीबी माने जाते थे। वह सराय ममरेज थाना क्षेत्र के नहटी गांव निवासी स्वर्गीय बंशीधर यादव के पुत्र थे। पिता के निधन के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में प्रवेश किया और क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई। वह सामाजिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे।
राजू यादव की मौत की खबर जैसे ही प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र में पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। उनके नहटी स्थित आवास पर लोगों का तांता लग गया है। परिवार में तीन बेटियां और दो बेटे हैं। वह अपने भाइयों में इकलौते थे, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
यह भी पढ़ें- हादसों का मंगलवार, कोहरे से विजबिलिटी हुई जीरो, 10 वाहन टकराए, सड़क पर बिछ गईं लाशें