प्रयागराज में सिविल लाइंस के होटल विट्ठल में भीषण आग, मचा हड़कंप, मौके पर पहुंचीं फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 18 May 2026, 06:15 pm
news-banner

प्रयागराज के सिविल लाइंस स्थित होटल विट्ठल इंटरनेशनल में सोमवार को भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और होटल में फंसे लोगों का रेस्क्यू किया गया। आग लगने की वजह ट्रांसफॉर्मर में शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।

प्रयागराज के पॉश इलाके सिविल लाइंस स्थित होटल विट्ठल इंटरनेशनल में सोमवार को भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। महात्मा गांधी मार्ग पर इंडियन कॉफी हाउस के बगल में स्थित इस होटल के ऊपरी हिस्से से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिसके बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। बताया जा रहा है कि होटल में ठहरे कई लोग ऊपरी मंजिलों पर फंस गए थे, जिन्हें रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया। भीषण गर्मी और तेज हवाओं के कारण आग बुझाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। राहत की बात यह रही कि देर रात तक किसी जनहानि की पुष्टि नहीं हुई थी।


ट्रांसफॉर्मर में आग के बाद होटल तक पहुंचीं लपटें

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार होटल के पास लगे ट्रांसफॉर्मर में अचानक आग लग गई थी। कुछ ही देर में आग होटल के बिजली कनेक्शन तक पहुंच गई और फिर ऊपरी मंजिलों को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग पहले ग्राउंड फ्लोर के पास दिखाई दी, लेकिन कुछ ही मिनटों में टॉप फ्लोर तक फैल गई। होटल के अंदर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसे हालात बन गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की करीब आठ गाड़ियों ने मोर्चा संभाला और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। धुएं का गुबार करीब दो किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप की स्थिति बनी रही।


रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी रहीं पुलिस और फायर टीम

होटल में बड़ी संख्या में पर्यटक और तीर्थयात्री ठहरे हुए थे। बताया जा रहा है कि यहां दक्षिण भारत से आने वाले श्रद्धालु अक्सर रुकते हैं। आग लगने के बाद कई लोग होटल की ऊपरी मंजिलों पर फंस गए थे। पुलिस और फायर विभाग की टीमों ने सीढ़ियों और अन्य रास्तों की मदद से लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। प्रशासन की ओर से आसपास के इलाके को खाली कराया गया और ट्रैफिक डायवर्ट किया गया। फायर विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और होटल के अंदर कूलिंग का काम जारी है।


यह भी पढ़ें- कानपुर की चकरपुर मंडी में भीषण लगी आग, 40 से अधिक दुकानें जलीं, दुकानदार बोले- घंटेभर बाद आई फायर ब्रिगेड

advertisement image