Curated By:
|
Hindi Now Uttar Pradesh • 10 Nov 2025, 03:04 pm
प्रयागराज। संगम तट पर जनवरी 2026 में लगने वाले माघ मेले को लेकर पुलिस विभाग ने तैयारियों की औपचारिक शुरुआत कर दी है। रविवार को त्रिवेणी संगम के पास भूमि पूजन कर मेला क्षेत्र में पुलिस शिविर स्थापना की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। भूमि पूजन का आयोजन पुलिस कमिश्नर जोगिंदर कुमार और वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर श्री मठ बाघम्बरी गद्दी के पीठाधीश्वर महंत बलवीर गिरी ने विधिवत पूजन कराया। पुलिस विभाग के ध्वज का भी पूजन किया गया और माघ मेले के निर्विघ्न संपन्न होने की कामना की गई।
भूमि पूजन के साथ शुरू हुई तैयारियां:
भूमि पूजन के साथ ही पुलिस विभाग ने माघ मेले की तैयारियां विधिवत शुरू कर दी हैं। इस बार मेले में 17 थाने और 40 पुलिस चौकियां स्थापित की जाएंगी।
सुरक्षा में 5000 से अधिक पुलिस कर्मी, यूपी एटीएस, इंटेलिजेंस एजेंसियां और अन्य सुरक्षा बल तैनात रहेंगे।
माघ मेले की तैयारी पर बलबीर महाराज ने क्या बोला
बलबीर महाराज ने कहा कि माघ मेले के लिए भूमिपूजन के साथ देवी-देवताओं का आवह्न किया गया। उन्होंने महाकुंभ को याद करते हुए कहा कि ये माघ मेला हर बाल के मेले से भव्य, दिव्य और बेहतर होने वाला है। इसके साथ ही बलबीर महाराज ने कहा कि ये जिम्मेदारी सरकार की अकेले नहीं है, बल्कि हम सब को मिलकर इस माघ मेले को और ऐतिहासिक बनाना है। जिसकी नींव कर दी गई है।
नाउ उत्तर प्रदेश पर बोले पुलिस कमिश्नर- तैयारी पक्की है
प्रयागराज पुलिस कमिश्नर जोगिंदर कुमार ने बताया कि माघ मेले को और भव्य बनाने के लिए पुलिस चुस्त-दुरुस्त है। पुलिस कमिश्नर के मुताबिक मेले को 17 थानों में बांटा गया है। इसके लिए 40 पुलिस चौकियां बनाई गई है। इसके साथ ही पुलिस ने इस बार टेक्नोलॉजी का भी पूरा इस्तेमाल कर रही है।
7 सेक्टर और 7 पांटून ब्रिज:
800 हेक्टेयर क्षेत्र में बसाए जा रहे माघ मेले को इस बार 7 सेक्टरों में विभाजित किया जाएगा। पिछली बार की तुलना में इस बार एक अतिरिक्त पांटून ब्रिज बनाया जा रहा है — यानी कुल 7 पुल।
3 जनवरी 2026 से शुरू होगा मेला:
माघ मेला 3 जनवरी 2026 को पौष पूर्णिमा स्नान पर्व से आरंभ होगा। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, इस बार श्रद्धालुओं की संख्या पिछले वर्षों की तुलना में अधिक रहने की संभावना है।
अधिकारियों की मौजूदगी और जिम्मेदारियां:
भूमि पूजन कार्यक्रम में एडीशनल सीपी डॉ. अजय पाल शर्मा, एन. कोलांची, डीसीपी सिटी, डीसीपी गंगानगर और यमुनानगर जोन सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
डीसीपी ट्रैफिक नीरज पांडेय को पुलिस का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो माघ मेले से जुड़ी सभी ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्थाओं का समन्वय करेंगे।