Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 09 Apr 2026, 12:58 pm
प्रयागराज के करेली इलाके में बुधवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बीच बाजार एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 47 वर्षीय मोहम्मद इरफान के रूप में हुई है, जो माफिया अशरफ का करीबी बताया जा रहा है। घटना उस समय हुई जब इरफान अपने घर के पास बिस्मिल्ला चौराहे पर एक चाय की दुकान पर बैठे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दो बाइकों पर सवार चार हमलावर मौके पर पहुंचे, जिनके चेहरे गमछे से ढके हुए थे। हमलावरों ने बेहद नजदीक से गोली मारकर वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।
सरेआम वारदात से दहशत, पास से मारी गई गोली
बताया जा रहा है कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे। एक आरोपी बाइक से उतरकर सीधे इरफान के पास पहुंचा और पिस्टल निकालकर उनके सीने पर सटाकर गोली चला दी। गोली लगते ही इरफान खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। बाकी तीन हमलावर बाइक पर ही बैठे रहे और वारदात के तुरंत बाद सभी आरोपी हथियार लहराते हुए फरार हो गए। यह पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए। घटना स्थल से महज 250 मीटर की दूरी पर इरफान का घर है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें गंभीर हालत में एसआरएन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जमीन विवाद में हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
मोहम्मद इरफान का नाम पहले भी माफिया अतीक अहमद के भाई अशरफ से जुड़ चुका है। बताया जा रहा है कि करीब 12 साल पहले वह अशरफ के साथ काम करता था और उसकी गाड़ी भी चलाता था। परिवार ने इस हत्या के पीछे आसिफ दुर्रानी और उसके भाई का हाथ होने का आरोप लगाया है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि इरफान और आरोपी के बीच जमीन को लेकर पुरानी रंजिश चल रही थी। आसिफ दुर्रानी को अतीक गैंग का शूटर भी बताया जा रहा है और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।