Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 06 Dec 2025, 10:49 am
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में शनिवार को सुबह से ही राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। यहां तृणमूल कांग्रेस से निलंबित विधायक हुमायूं कबीर बाबरी मस्जिद की नींव रखने की तैयारी कर रहे हैं। सुबह से ही उनके समर्थक सिर पर ईंटें लेकर निर्माण स्थल की ओर बढ़ते दिखे। इस कार्यक्रम को लेकर पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है और सुरक्षा कारणों से बेलडांगा और इसके आसपास का इलाका हाई अलर्ट पर रखा गया है। कोलकाता हाईकोर्ट ने एक दिन पहले मस्जिद निर्माण कार्य पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था और साथ ही यह स्पष्ट किया था कि कार्यक्रम के दौरान शांति बनाए रखना राज्य सरकार की जिम्मेदारी होगी।
3 हजार से अधिक पुलिस फोर्स तैनात, हाई अलर्ट पर बंगाल
हाईकोर्ट के आदेश के बाद राज्य सरकार ने सुरक्षा इंतजामों को बेहद कड़ा कर दिया है। बेलडांगा और रानीनगर थानों के अलावा आसपास के इलाकों में केंद्रीय सशस्त्र बलों की 19 कंपनियां, रैपिड एक्शन फोर्स, बीएसएफ और स्थानीय पुलिस की कई टीमें तैनात की गई हैं। कुल मिलाकर तीन हजार से अधिक जवान सुरक्षा में लगाए गए हैं। हुमायूं कबीर ने 25 नवंबर को घोषणा की थी कि वे 6 दिसंबर को, अयोध्या में विवादित ढांचे के विध्वंस की 33वीं बरसी पर, बाबरी मस्जिद की आधारशिला रखेंगे। यह बयान आते ही विवाद बढ़ा और TMC ने 4 दिसंबर को उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया।
25 बीघे में तैयार किया गया मंच, शामिल होंगे धार्मिक नेता
शुक्रवार को प्रशासन और हुमायूं कबीर की टीम के बीच बैठक हुई, जिसमें कार्यक्रम को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कबीर ने कहा कि पूरा आयोजन प्रशासनिक दिशानिर्देशों के तहत ही किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में सऊदी अरब से धार्मिक नेता भी शामिल होंगे। आयोजन स्थल 25 बीघा में तैयार किया गया है, जहां 150 फीट लंबा और 80 फीट चौड़ा मंच बनाया गया है। करीब 400 लोगों के बैठने की व्यवस्था है, जबकि अनुमान है कि तीन लाख से अधिक लोग इस कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं।
खाने-पीने का फुल इंतजाम, तैयार किए गए बिरयानी के पैकेट
भीड़ प्रबंधन के लिए 60 हजार से अधिक बिरयानी पैकेट तैयार कराए गए हैं और तीन हजार से अधिक वॉलंटियर तैनात किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल राष्ट्रीय राजमार्ग-12 के नजदीक है, इसलिए ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। शनिवार के कार्यक्रम का समय तय कर दिया गया है। सुबह आठ बजे धार्मिक नेता पहुंचेंगे, दस बजे कुरान पाठ होगा, दोपहर बारह बजे शिलान्यास किया जाएगा और दो बजे सामुदायिक भोजन का आयोजन होगा। शाम चार बजे तक मैदान खाली कराने की योजना बनाई गई है।
कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक बयानबाजी हुई तेज
इस पूरे आयोजन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज है। भाजपा नेता दिलीप घोष ने कहा कि 6 दिसंबर ‘शौर्य दिवस’ है, न कि ‘सौहार्द दिवस’। उनका आरोप है कि बाबरी मस्जिद के नाम पर यह कार्यक्रम मुस्लिम वोट बैंक को साधने की राजनीति है और TMC तथा हुमायूं कबीर के बीच पर्दे के पीछे तालमेल है। उन्होंने कहा कि लोग अब समझ चुके हैं कि किस तरह राजनीतिक लाभ के लिए धार्मिक भावनाओं का इस्तेमाल किया जाता है।
यह भी पढ़ें- आगरा में हिंदू महासभा ने खोदी टीएमसी विधायक के लिए कब्र, वजह जान हो जाएंगे हैरान!