राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहुंचीं अयोध्या, रामलला के किए दर्शन, श्रीराम यंत्र के पूजन में हुईं शामिल, सीएम योगी ने दी मंदिर निर्माण से जुड़े कार्यों की जानकारी

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 19 Mar 2026, 12:21 pm
news-banner

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नवरात्रि के पहले दिन अयोध्या राम मंदिर में दर्शन-पूजन किया। विशेष राम यंत्र की पूजा की और मंदिर परिसर का भ्रमण किया। सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बीच वीआईपी दर्शन भी बंद रहे।

देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने चैत्र नवरात्रि के पहले दिन राम मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन किए। वह सुबह करीब साढ़े 10 बजे महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचीं, जहां उनका स्वागत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। इसके बाद राष्ट्रपति सीधे राम मंदिर पहुंचीं और पूजा-अर्चना की। उन्होंने मंदिर परिसर का भ्रमण भी किया और दुर्गा माता मंदिर में भी पूजा की। नवरात्रि के मौके पर उनकी यह यात्रा काफी खास मानी जा रही है।


राम परिवार दरबार में पूजा, विशेष राम यंत्र का किया पूजन

राष्ट्रपति मुर्मू ने मंदिर के दूसरे फ्लोर पर स्थापित राम परिवार दरबार में विशेष पूजा की। यहां स्थापित श्रीराम यंत्र का भी विधि-विधान से पूजन किया गया। यह यंत्र कांचीपुरम में तैयार किया गया था और बाद में तिरुपति होते हुए रथयात्रा के जरिए अयोध्या लाया गया। करीब 150 किलो वजनी इस यंत्र पर सोने की परत चढ़ी हुई है और इसे बेहद शुभ व आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है। विद्वानों के अनुसार, इसमें वैदिक ज्यामिति के जरिए भगवान श्रीराम और अन्य देवी-देवताओं की दिव्य ऊर्जा स्थापित की गई है।


सुरक्षा के कड़े इंतजाम, मोबाइल और वीआईपी पास पर रोक

राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुसार, आज परिसर में मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं दी गई। इसके अलावा किसी भी आमंत्रित व्यक्ति के साथ सुरक्षा गार्ड के प्रवेश पर भी रोक रही। वीआईपी दर्शन पास भी पूरे दिन के लिए बंद कर दिए गए, जिससे सभी श्रद्धालु सामान्य व्यवस्था में ही दर्शन कर सकें।


सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजा अयोध्या, 5 घंटे का रहेगा दौरा

राष्ट्रपति के स्वागत के लिए एयरपोर्ट से राम मंदिर तक करीब 20 सांस्कृतिक मंच बनाए गए थे, जहां 250 से अधिक कलाकारों ने राम भजन, अवधी लोकगायन, लोकनृत्य और रामलीला की प्रस्तुतियां दीं। अयोध्या में करीब 5 घंटे रुकने के बाद राष्ट्रपति दोपहर 3 बजे मथुरा के लिए रवाना होंगी, जहां वह इस्कॉन और प्रेम मंदिर में दर्शन करेंगी। इसके अलावा वह संत प्रेमानंद महाराज से भी मुलाकात करेंगी।


यह भी पढ़ें- काशी में मां गंगा को अपवित्र करने की कोशिश, नाव में इफ्तार पार्टी करते हुए परोसा चिकन बिरयानी, नॉनवेज पार्टी का वीडियो किया वायरल, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

advertisement image