'सरकार वोट चोर है, इसे देश से बाहर खदेड़ो', बिहार में बीजेपी पर बरसीं प्रियंका गांधी

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 05 Nov 2025, 02:15 pm
news-banner

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी बिहार में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा अब बिहार में बदलाव जरूरी है।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी बुधवार को बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया के चनपटिया पहुंचीं। उन्होंने यहां जनसभा को संबोधित किया और बीजेपी सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों में सरकारों ने जनता को केवल संघर्ष करना सिखाया है। जिस धरती से आजादी की लड़ाई की शुरुआत हुई, आज वहीं के लोगों को फिर से अन्याय के खिलाफ आवाज उठानी होगी। उन्होंने कहा कि चंपारण की यह पवित्र जमीन वह जगह है, जहां किसानों की आवाज महात्मा गांधी तक पहुंची थी और उन्होंने यहां से आंदोलन का बिगुल फूंका था।


इससे पहले प्रियंका गांधी की सभा वाल्मीकिनगर में हुई। वहां भी उन्होंने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मेरे भाई राहुल गांधी ने बिहार से वोट चोरी के खिलाफ यात्रा शुरू की थी, लेकिन बीजेपी वालों ने उसे घुसपैठियों की यात्रा बताया। मैं पूछना चाहती हूं, क्या बिहार के लोग घुसपैठिए हैं? उन्होंने कहा कि बीजेपी नहीं चाहती कि समाज के लिए लड़ाई लड़ी जाए या सभी वर्गों को बराबर का अवसर मिले। प्रियंका ने कहा कि आज हर चुनाव में वोट चोरी की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने लोगों से अपील की और कहा कि अपनी शक्ति पहचानिए, इस सरकार को बदलिए। ऐसी सरकार चुनिए जो आपके विकास की बात करे, न कि आपको लड़ाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवार ने देश के लिए बलिदान दिया है, लेकिन बीजेपी उसे परिवारवाद बताती है।


देश में अब ठेकेदारी व्यवस्था चल रही

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि देश के उद्योग अब सिर्फ दो दोस्तों के हाथों में हैं। पहले लोग सरकारी फैक्टरियों में नौकरी पाने का सपना देखते थे, पर अब ठेकेदारी व्यवस्था चल रही है। उन्होंने कहा कि देश की संपत्ति को खत्म किया जा रहा है। सरकारी संस्थानों का निजीकरण कर जनता की रोज़ी-रोटी छीनी जा रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर उन्होंने कहा कि अब उनके पास कोई अधिकार नहीं है। नीतीश जी के हाथ में कुछ नहीं बचा, दिल्ली से सरकार चलाई जा रही है। प्रधानमंत्री बिहार आते हैं तो रोजगार या महंगाई की बात नहीं करते, बल्कि कांग्रेस और विपक्षी नेताओं पर टिप्पणी करते हैं। प्रियंका गांधी ने कहा कि बिहार की जनता को एक बार फिर बदलाव करना होगा, जैसे उनके पूर्वजों ने आजादी की लड़ाई में की थी। उन्होंने कहा कि अब वक्त है कि आप अपने अधिकारों और सम्मान के लिए एकजुट हों, क्योंकि यही बिहार की असली विरासत है।


यह भी पढ़ें- मुख्तार अंसारी की जिंदगीभर की लूट पर चोट, योगी सरकार ने किया ऐसा काम, आप कहेंगे- तारीफ-ए-काबिल

advertisement image