मोदी की नॉर्वे प्रेस मीट पर राहुल गांधी का हमला, बोले- सवालों से क्यों डर रहे PM मोदी

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 19 May 2026, 02:13 pm
news-banner

राहुल गांधी ने नॉर्वे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेस मीट को लेकर सवाल उठाए हैं। मीडिया के सवाल नहीं लेने पर विवाद बढ़ गया, जबकि नॉर्वे की पत्रकार और भारतीय विदेश मंत्रालय के अधिकारियों के बीच प्रेस ब्रीफिंग में तीखी बहस भी हुई।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने नॉर्वे दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संयुक्त प्रेस वार्ता को लेकर सवाल उठाए हैं। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि जब दुनिया एक “कॉम्प्रोमाइज पीएम” को सवालों से बचते हुए देखती है तो इससे भारत की छवि पर असर पड़ता है। उन्होंने लिखा कि अगर छिपाने के लिए कुछ नहीं है तो सवालों से डरने की जरूरत भी नहीं होनी चाहिए। राहुल गांधी ने यह टिप्पणी नॉर्वे की पत्रकार हेली लिंग की पोस्ट शेयर करते हुए की। दरअसल प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गार स्टोरे के साथ जॉइंट प्रेस मीट की थी, लेकिन इस दौरान मीडिया के सवाल नहीं लिए गए। इसी को लेकर विवाद शुरू हुआ और मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।


पत्रकार ने पूछा सवाल, विदेश मंत्रालय से हुई बहस

नॉर्वे की पत्रकार हेली लिंग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रधानमंत्री मोदी से सवाल पूछने की कोशिश की थी, लेकिन जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने सोशल मीडिया पर नाराजगी जताई। पत्रकार ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि नॉर्वे प्रेस फ्रीडम इंडेक्स में पहले स्थान पर है, जबकि भारत काफी नीचे है और पत्रकारों का काम सरकारों से सवाल पूछना होता है। इसके बाद भारतीय विदेश मंत्रालय ने पत्रकार को प्रेस ब्रीफिंग में आने का निमंत्रण दिया। हेली लिंग बाद में भारतीय अधिकारियों की प्रेस ब्रीफिंग में पहुंचीं और वहां उन्होंने भारत में मानवाधिकार, प्रेस स्वतंत्रता और प्रधानमंत्री द्वारा सवाल नहीं लेने को लेकर कई सवाल पूछे। इस दौरान विदेश मंत्रालय में पश्चिम मामलों के सचिव सिबी जॉर्ज और पत्रकार के बीच तीखी बहस भी हुई। सिबी जॉर्ज ने कहा कि भारत एक मजबूत लोकतंत्र है और यहां लोगों को संवैधानिक अधिकार प्राप्त हैं।


विदेश मंत्रालय ने भारत का पक्ष रखा

प्रेस ब्रीफिंग के दौरान सिबी जॉर्ज ने कहा कि भारत पांच हजार साल पुरानी सभ्यता वाला देश है और उसने दुनिया को कई योगदान दिए हैं। उन्होंने कोविड महामारी के दौरान भारत की भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि भारत ने दूसरे देशों को वैक्सीन उपलब्ध कराकर जिम्मेदार राष्ट्र होने का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि भारत ने G20 और AI समिट जैसे वैश्विक मंचों पर भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जब पत्रकार ने सीधे जवाब देने की बात कही तो सिबी जॉर्ज ने कहा कि सवाल पूछना पत्रकार का अधिकार है, लेकिन जवाब कैसे देना है यह तय करना अधिकारी का अधिकार है। उन्होंने विदेशी मीडिया और कुछ एनजीओ रिपोर्टों पर भी सवाल उठाए और कहा कि भारत के मीडिया सिस्टम और लोकतंत्र को समझे बिना कई बार निष्कर्ष निकाल लिए जाते हैं। बाद में पत्रकार हेली लिंग ने सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्हें अपने सवालों के सीधे जवाब नहीं मिले और चर्चा भारत की उपलब्धियों की ओर मोड़ दी गई।


यह भी पढ़ें- पहले कोरोना, फिर युद्ध, अब ऊर्जा संकट, ये दुनिया के लिए आपदाओं का दशक: पीएम मोदी

advertisement image