लखनऊ में लगातार 72 घंटे से बारिश, सब कुछ हुआ पानी-पानी, चारों तरफ तबाही!

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 05 Aug 2025, 12:21 pm
news-banner

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भारी बारिश से चारों तरफ पानी-पानी हो गया है। यहां लगातार 72 घंटे से बारिश हो रही है और अगले तीन दिनों तक ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। आइये पूरा अपडेट जानते हैं।

लखनऊ में पिछले 72 घंटे से लगातार बारिश हो रही है। इससे शहर का आम जनजीवन तहस-नहस हो गया है। बीते 24 घंटे में 60.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो पिछले चार वर्षों में एक दिन में हुई सबसे अधिक बारिश है।  लगातार हो रही बारिश से शहर में कई तरह की समस्याएं खड़ी हो गई हैं। नगर निगम के कार्यालय की छत टपकने लगी है, जिससे प्रशासनिक कार्यों में बाधा आ रही है। सोमवार को नाका क्षेत्र में एक कच्चा मकान गिर गया, जबकि मोहनलालगंज में एक किशोर की नाले में डूबने से मौत हो गई। वहीं गोमती नदी में एक व्यक्ति के बह जाने की सूचना मिली है। बरसात से बचने के लिए एक गाय चौथी मंजिल तक चढ़ गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।


बारिश के चलते शहर में कई जगह करंट फैलने की घटनाएं भी हुई हैं। मड़ियांव में एक खंभे में करंट उतरने से एक भैंस की मौत हो गई। इसके अलावा सड़कों की हालत भी बदतर हो गई है। मड़ियांव क्षेत्र में सड़क पर आठ फीट गहरा गड्ढा हो गया। इससे यातायात बाधित हो गया। कई इलाकों में पेड़ गिर गए और कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति बन गई। गोमती नगर जैसे पॉश इलाके में तो घरों के बेडरूम तक पानी घुस गया। इससे लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।


आज येलो अलर्ट, कुछ स्थानों पर भारी बारिश के आसार

मौसम विभाग ने आज के लिए यलो अलर्ट जारी किया है और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है। दिन का अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है। सोमवार को अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री कम था, वहीं न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री रहा।


अगले तीन दिन ऐसा ही रहेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक आगामी 8 अगस्त तक इसी तरह मौसम बने रहने की संभावना है। 9 अगस्त से मौसम में हल्का बदलाव आएगा और धूप-छांव की स्थिति देखने को मिलेगी। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश होगी और इस दौरान हवाएं 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी।


यह भी पढ़ें- सावन का अंतिम सोमवार और बाढ़ में डूबे गंगा घाट, श्रद्धालुओं के स्नान के लिए अनूठी पहल, जानकर खुश हो जाएंगे आप

advertisement image