योगी के आने से पूरे यूपी की पहचान बदल गई, पहले दंगों के लिए जाना जाता था, अब निवेश के लिए: राजनाथ सिंह

Curated By: shivnowup | Hindi Now Uttar Pradesh • 09 Jan 2026, 02:43 pm
news-banner

लखनऊ में अशोक लीलैंड ईवी प्लांट के उद्घाटन पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यूपी अब दंगों से नहीं, निवेश और औद्योगिक विकास से पहचाना जा रहा है।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का कायाकल्प पूरे देश के लिए एक मिसाल बन चुका है। जो प्रदेश कभी दंगों, अराजकता और खराब कानून व्यवस्था के लिए जाना जाता था, वही यूपी आज निवेश और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं रहा, बल्कि देश को आगे बढ़ाने में अपनी अहम भूमिका निभा रहा है। राजनाथ सिंह शुक्रवार को लखनऊ में अशोक लीलैंड के इलेक्ट्रिक वाहन मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के उद्घाटन के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ जिस तरह से प्रदेश को चला रहे हैं, उससे उत्तर प्रदेश की रेटिंग सहज ही “एक्सीलेंट” कही जा सकती है। अशोक लीलैंड की यह ईवी फैक्टरी प्रदेश के औद्योगीकरण की दिशा में एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम है।


औद्योगिक विकास से युवाओं को मिलेगा रोजगार
रक्षामंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश बढ़ना केवल आंकड़ों की बात नहीं है, बल्कि इसका सीधा फायदा प्रदेश के युवाओं को मिल रहा है। पहले युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ता था, लेकिन अब यूपी में ही बड़े-बड़े उद्योग लग रहे हैं। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अशोक लीलैंड का इलेक्ट्रिक वाहन प्लांट न सिर्फ आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और ग्रीन एनर्जी की दिशा में भी मील का पत्थर साबित होगा। राजनाथ सिंह ने भावुक होते हुए कहा कि वे भले ही लखनऊ से सांसद हैं, लेकिन अगर वे यहां के सांसद न भी होते, तब भी यह शहर उन्हें उतना ही प्रिय होता। लखनऊ और उत्तर प्रदेश ने विकास की जो नई तस्वीर पेश की है, वह पूरे देश के लिए गर्व की बात है।


कानून व्यवस्था में सुधार बना निवेश की नींव
रक्षामंत्री ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश को खराब कानून व्यवस्था और दंगों से जोड़कर देखा जाता था। निवेशक यहां आने से डरते थे, लेकिन योगी सरकार में कानून व्यवस्था में जो सुधार हुआ है, उसी का नतीजा है कि आज देश-विदेश की कंपनियां यूपी में निवेश करने आ रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इसके लिए बधाई दी और कहा कि मजबूत कानून व्यवस्था ही विकास की सबसे बड़ी नींव होती है।


देश की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता में यूपी की भूमिका
राजनाथ सिंह ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश देश की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता में भी बड़ी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण किया जा रहा है, जो भारत की सैन्य ताकत को और मजबूत करेगा। आज भारत कमजोर नहीं, बल्कि अपने हथियार खुद बनाने वाला सशक्त देश बन चुका है। इस दिशा में उत्तर प्रदेश का योगदान लगातार बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि जिस तरह से यूपी विकास, निवेश, रोजगार और सुरक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है, वह आने वाले समय में देश की प्रगति का मजबूत आधार बनेगा।


यह भी पढ़ें- लखनऊ में अशोक लीलैंड ईवी प्लांट का उद्घाटन, यूपी अब पोटेंशियल नहीं, परिणाम देने वाला प्रदेश : सीएम योगी

advertisement image