यूपी के युवाओं के लिए खुशखबरी, आठ हजार पदों पर निकली भर्ती, पूरा अपडेट जान खुश हो जाएंगे आप

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 17 Dec 2025, 01:13 pm
news-banner

UPSSSC ने यूपी में राजस्व विभाग में लेखपाल के पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती प्रक्रिया के लिए आवेदन 29 सितंबर से शुरू होंगे। आइए इसके बारे में पूरा अपडेट जान लेते हैं।

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने राजस्व विभाग में लेखपाल के 7,994 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। यह भर्ती प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) 2025 के आधार पर निकाली गई पहली बड़ी भर्ती मानी जा रही है, जिससे प्रदेश के लाखों युवाओं को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से लेखपाल भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह एक बड़ी राहत की खबर है। आयोग के मुताबिक इस भर्ती प्रक्रिया के लिए ऑनलाइन आवेदन 29 दिसंबर 2025 से शुरू होंगे और 28 जनवरी 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को आवेदन शुल्क जमा करने और अपने आवेदन पत्र में संशोधन करने की सुविधा 4 फरवरी 2026 तक दी जाएगी। आवेदन केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in के माध्यम से ही किए जा सकेंगे। आयोग ने उम्मीदवारों को समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी है।


इस भर्ती के लिए केवल वही अभ्यर्थी पात्र होंगे, जिन्होंने PET-2025 में भाग लिया हो और जिनका स्कोर कार्ड आयोग द्वारा जारी किया गया हो। आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों की शॉर्ट लिस्टिंग पूरी तरह PET-2025 में प्राप्त अंकों के आधार पर की जाएगी। जिन उम्मीदवारों के अंक शून्य या नकारात्मक होंगे, उन्हें शॉर्ट लिस्ट में शामिल नहीं किया जाएगा। आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके पास सभी आवश्यक शैक्षणिक प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र और अन्य आरक्षण संबंधी दस्तावेज 28 जनवरी तक उपलब्ध हों। आरक्षण और आयु सीमा में छूट का लाभ लेने वाले अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रारूप में प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के अंतर्गत आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के लिए 1 अप्रैल 2025 से 28 जनवरी 2026 के बीच जारी प्रमाण पत्र मान्य होंगे।


पेट पास अभ्यर्थी ही कर सकेंगे आवेदन, आवेदन शुल्क महज 25 रुपये

आयोग के सचिव अवनीश सक्सेना ने बताया कि अभ्यर्थी PET पंजीकरण संख्या के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के दौरान पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी भेजा जाएगा, जिसके सत्यापन के बाद ही आवेदन प्रक्रिया पूरी होगी। सभी वर्गों के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क मात्र 25 रुपये निर्धारित किया गया है। शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो लेखपाल पद के लिए इंटरमीडिएट (12वीं) या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। न्यूनतम दो वर्ष की सैन्य सेवा करने वाले उम्मीदवारों को विशेष लाभ दिया जाएगा, जबकि NCC ‘बी’ प्रमाण पत्र धारकों को अतिरिक्त वेटेज मिलेगा।


दो घंटे की लिखित परीक्षा में 100 बहुविकल्पीय प्रश्नों के देने होंगे उत्तर

लेखपाल भर्ती के लिए दो घंटे की लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। प्रश्नपत्र में भारतीय इतिहास, भूगोल, अर्थव्यवस्था, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम, कंप्यूटर और सूचना प्रौद्योगिकी तथा उत्तर प्रदेश से संबंधित सामान्य ज्ञान के प्रश्न शामिल होंगे।


यह भी पढ़ें- यूपी में जल्द नौकरी ही नौकरी, हर ब्लॉक में होगी भर्ती, युवाओं की हो जाएगी बल्ले-बल्ले!

advertisement image