Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 27 Feb 2026, 11:58 am
भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का शुक्रवार सुबह करीब 4:36 बजे निधन हो गया। वे 60 वर्ष के थे और फोर्थ स्टेज लिवर कैंसर से जूझ रहे थे। पिछले कुछ दिनों से उनकी हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी। तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें अलीगढ़ से ग्रेटर नोएडा के यथार्थ हॉस्पिटल-ओमेगा-1 में भर्ती कराया गया था, जहां वेंटिलेटर सपोर्ट पर इलाज चल रहा था। अस्पताल प्रशासन ने उनके निधन की पुष्टि की है। पार्थिव शरीर को नोएडा से अलीगढ़ लाया गया है और यहीं अंतिम संस्कार किया जाएगा। पिता के निधन की सूचना मिलते ही रिंकू चेन्नई से अलीगढ़ के लिए रवाना हो चुके हैं। परिवार में शोक की लहर है।
बीमारी की खबर मिलते ही टीम इंडिया का साथ छोड़ पहुंचे थे नोएडा
रिंकू इस समय टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम का हिस्सा थे। पिता की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही वे 24 फरवरी को चेन्नई से सीधे नोएडा पहुंचे थे और उन्हें प्रैक्टिस सेशन छोड़ना पड़ा था। परिवार के साथ समय बिताने के बाद 25 फरवरी को वे फिर टीम से जुड़ गए थे। हालांकि 26 फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले में वे प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं थे और सब्स्टीट्यूट के तौर पर मैदान पर फील्डिंग करते नजर आए। टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन भी खास नहीं रहा है। पांच मैचों में वे 24 रन ही बना सके हैं और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछले मैच में खाता भी नहीं खोल पाए थे। अब वे वर्ल्ड कप अभियान बीच में छोड़कर घर लौट रहे हैं।
संघर्षों से भरा बचपन, पिता की मेहनत से बना क्रिकेटर
रिंकू का बचपन आर्थिक तंगी में बीता। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि उनके पिता गैस सिलेंडर डिलीवरी का काम करते थे और परिवार के पांचों भाई इस काम में हाथ बंटाते थे। खुद रिंकू बाइक पर दो-दो सिलेंडर रखकर घरों और होटलों में सप्लाई करते थे। क्रिकेट खेलने के लिए पैसों की कमी रहती थी और परिवार पढ़ाई पर जोर देता था। हालांकि उनकी मां ने हमेशा खेल के लिए उनका हौसला बढ़ाया। पूर्व कोचों का कहना है कि पिता ने बेटे के सपनों को पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत की। पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने भी शोक जताते हुए कहा कि यह रिंकू और उनके परिवार के लिए बेहद कठिन समय है।
शादी की तारीख पर फिर से हो सकता है विचार
रिंकू की सगाई सपा सांसद प्रिया सरोज से हो चुकी है और इसी साल जून में शादी की योजना थी। सूत्रों के मुताबिक, पिता के निधन के बाद परिवार शादी की तारीख पर दोबारा विचार कर सकता है। इससे पहले भी क्रिकेट शेड्यूल के कारण शादी दो बार टल चुकी है। बड़े भाई ने बताया था कि आईपीएल के बाद नई तारीख तय की जाएगी। शादी काशी में और रिसेप्शन अलीगढ़ में प्रस्तावित था। फिलहाल पूरा परिवार शोक में डूबा है और अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही हैं।
यह भी पढ़ें- BREAKING: दिल्ली शराब घोटाला मामले में केजरीवाल और सिसोदिया बरी, कोर्ट ने कहा- CBI की चार्जशीट में खामियां, केजरीवाल रोते हुए बोले- जीवनभर ईमानदारी कमाई