Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 03 Dec 2025, 12:20 pm
उरई में भंडारा खाने पहुंचे तीन दोस्त एक दर्दनाक दुर्घटना के शिकार हो गए। भंडारे से लौटते समय उनकी बाइक एक पेड़ से टकरा गई। बुधवार देर रात हुए इस हादसे में दो किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को मेडिकल कॉलेज भेजा, लेकिन रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। एक साथ तीन दोस्तों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे के समय तीनों ने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे सिर में गहरी चोट लगने से उनकी मौत हो गई।
बता दें कि जालौन कोतवाली क्षेत्र के गधेला गांव में हर साल की तरह इस बार भी 11 कुंडी यज्ञ और भागवत कथा का आयोजन किया गया था। मंगलवार को आसपास के गांवों के लोगों को आमंत्रित किया गया था। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पड़ोसी गांवों के हजारों लोग पहुंचे थे। इसी आयोजन में शामिल होने के लिए हथना बुजुर्ग गांव के अंशुमान परिहार (17), अंकित साकवार (14) और कृष्ण कुमार (14) भी रात करीब नौ बजे बाइक से भंडारा खाने गए थे।
कच्ची सड़क पर गड्ढों की वजह से फिसली बाइक
भंडारे से लौटते समय दुर्घटना उस वक्त हुई, जब कच्चे रास्ते पर तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित हो गई। रास्ते में जगह-जगह पर गड्ढों की वजह से बाइक फिसलकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अंशुमान और कृष्ण कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने हादसे की सूचना तत्काल पुलिस को दी। इस दौरान मौके पर पहुंचकर पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया, लेकिन उसे बचाया जा सका। उसने भी रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
तीनों के सिर पर गहरी चोट की वजह से हुई मौत
घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों और परिजनों के मुताबिक तीनों के सिर पर गहरी चोटें आई थीं, क्योंकि किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। तीन साथियों की एक साथ मौत से हथना बुजुर्ग गांव में मातम पसर गया है। गांव के लोग घटना से सदमे में हैं और परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- सुबह-सुबह बवाल की खबर, बीएचयू में जमकर चले ईंट-पत्थर, 5 थानों की पुलिस तैनात, पूरा मामला जान दंग रह जाएंगे आप!