पूर्णागिरि माता के दर्शन कर लौट रहे थे पति-पत्नी, हाइवे पर खौफनाक वारदात, जानकर कांप उठेगा कलेजा!

Curated By: editor1 | Hindi Now Uttar Pradesh • 31 Jul 2025, 01:04 pm
news-banner
उत्तर प्रदेश के बरेली शहर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां माता के दर्शन कर लौट पर पति-पत्नी से बदमाशों ने लूटपाट की। इसके बाद पति के सामने पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। आइये पूरा मामला जानते हैं।

बरेली जिसे से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां बदमाशों ने पति को गन प्वाइंट पर लेकर उसकी पत्नी के गहने लूट लिए। इसके बाद महिला की धारदार हथियार से हत्या कर दी। यह वारदात बुधवार रात 12 बजे के करीब बरेली-वजीरगंज हाईवे पर हुई। बताया जा रहा है कि दंपती पूर्णागिरी से दर्शन कर लौट रहे थे। तभी 5-6 बदमाशों ने उनकी बाइक रोककर उन्हें नीचे उतारा। इसके बाद बदमाशों ने तमंचा दिखाकर महिला से गहने मांगे, लेकिन उसने गहने देने से इनकार कर दिया। इस पर खुन्नस खाए बदमाशों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।


इस दौरान गंभीर घायल महिला जमीन पर गिर पड़ी। बदमाशों ने महिला के जेवरात लूट लिए और उसके पति के पैसे भी छीन लिए। जब पति ने विरोध किया तो उसे भी पीटा और धमकी दी कि शोर मचाया तो जान से मार देंगे। बदमाशों के भाग जाने के बाद पति ने अपने साले और पुलिस को फोन कर मामले की सूचना दी। साथ ही महिला को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि उसे बचाया नहीं जा सका और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी साउथ अंशिका वर्मा समेत पुलिस और फोरेंसिक टीमें मौके पर पहुंचीं। फिलहाल पुलिस ने गंभीरता से इस मामले की जांच शुरू कर दी है। 


ससुराल से बाइक लेकर घर जा रहे थे दंपति, साले ने रात में जाने से किया था मना
पीड़ित ओम शरण बदायूं के वजीरगंज क्षेत्र के व्यूली गांव के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी अमरवती (35) उनके साथ पूर्णागिरी मंदिर से लौट रही थीं। रात करीब 11:30 बजे वह ससुराल मोतीपुरा पहुंचे और वहां से साले की बाइक लेकर अपने गांव के लिए निकले। रास्ते में कंठरी मंदिर के पास बदमाशों ने उन हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी के सिर और चेहरे पर धारदार हथियार से वार किया गया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर गईं। ओम शरण ने बताया कि उनके पास मौजूद नकदी भी लूट ली गई। इसके बाद उन्होंने डायल 112 और अपने साले को फोन कर सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। मृतक महिला के दो छोटे बच्चे हैं। ओम शरण के साले ने बताया कि उसने दंपती को रात में रुकने की सलाह दी थी, लेकिन बच्चों की चिंता में वह लौटने पर अड़े रहे।


पुलिस ने लूट और हत्या का मुकदमा दर्ज कर शुरू की कार्रवाई

पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए हत्या और लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएसपी ने बताया कि बदमाश पैदल थे और उनका उद्देश्य हत्या ही प्रतीत होता है। महिला के कुछ गहने घटनास्थल से बरामद हुए हैं। एसपी साउथ के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन किया गया है, जो बदमाशों की तलाश में जुटी हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही बदमाशों की गिरफ्तारी की जाएगी। यह गंभीर वारदात है, दोषियों को बख्सा नहीं जाएगा।


यह भी पढ़ें- मालेगांव ब्लास्ट पर बड़ा फैसला, फटाफट जान लें

advertisement image