सुबह-सुबह बवाल की खबर, बीएचयू में जमकर चले ईंट-पत्थर, 5 थानों की पुलिस तैनात, पूरा मामला जान दंग रह जाएंगे आप!

Curated By: editor1 | Hindi Now Uttar Pradesh • 03 Dec 2025, 10:44 am
news-banner

बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में बीती रात जमकर बवाल हुआ है। यहां छात्रों ने हंगामा काटा है और पत्तरबाजी की है। पूरा विवाद एक एक्सीडेंट से जुड़ा है। इस मामले में प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सपोर्ट न करने पर विवाद बढ़ गया। आइए पूरा मामला जानते हैं।

बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में मंगलवार देर रात बड़ा विवाद खड़ा हो गया। यहां राजाराम हॉस्टल के पास एक गाड़ी की टक्कर में बिड़ला हॉस्टल का छात्र घायल हो गया। घटना से नाराज छात्र शिकायत लेकर चीफ प्रॉक्टर ऑफिस पहुंचे, जहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों से उनकी बहस हो गई। थोड़ी देर में सैकड़ों छात्र जुट गए और वीसी आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसी दौरान छात्रों और प्रॉक्टोरियल बोर्ड के बीच टकराव बढ़ गया। आरोप है कि बोर्ड की टीम ने सुरक्षाकर्मियों से छात्रों को पिटवाया। सामने आए वीडियो में छात्र पत्थर फेंकते और सुरक्षाकर्मी उन्हें खदेड़ते दिख रहे हैं। स्थिति बिगड़ने पर हॉस्टल मार्ग को बंद कर दिया गया है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।


कैंपस में पत्थरबाजी से बढ़ा तनाव

बिड़ला हॉस्टल के छात्र अपनी मांगों को लेकर विरोध कर रहे थे, तभी माहौल और गरम हो गया। छात्रों की ओर से की गई पत्थरबाजी ने पूरे कैंपस में तनाव बढ़ा दिया। कई स्थानों पर बैरिकेडिंग तोड़ दी गई और आसपास लगे गमलों को भी नुकसान पहुंचाया गया। वीसी आवास के पास लगे तमिल संगमम के बैनर को भी फाड़ दिया गया। बिड़ला हॉस्टल से रुइया हॉस्टल तक करीब 500 मीटर की दूरी में सड़क पर पत्थर बिखरे नजर आए। हालात को काबू में करने के लिए पांच थानों की फोर्स कैंपस में मौजूद है। एसीपी गौरव सिंह के अनुसार, कुछ छात्रों के बीच हुई बहस ने तूल पकड़ लिया और प्रदर्शन हिंसक रूप ले गया। उन्होंने बताया कि फिलहाल कैंपस में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।


पुलिस ने बल प्रयोग कर छात्रों को खदेड़ा

हालात काबू में न होने पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर छात्रों को खदेड़ना पड़ा। बताया जा रहा है कि बाइक हादसे में घायल होने के बाद छात्र शिकायत लेकर प्रॉक्टोरियल बोर्ड के पास पहुंचे थे, लेकिन प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने उसकी बात सुनने के बजाय उसे भगा दिया। इसकी जानकारी मिलते ही राजा राम मोहन राय, बिड़ला और अन्य हॉस्टलों के छात्र इकट्ठा होकर प्रदर्शन करने लगे। छात्रों का आरोप है कि बोर्ड के गार्ड्स ने उनके साथ मारपीट की, जिसके बाद भीड़ उग्र हो गई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को बुलाया गया और हल्का बल प्रयोग कर हालात नियंत्रित किए गए। कैंपस में काशी तमिल संगमम के वीआईपी मेहमानों की मौजूदगी को देखते हुए मौके पर भारी फोर्स तैनात किया गया है।


यह भी पढ़ें- संडे को महिला से लूटी चेन, पुलिस ने सात घंटे में हिसाब-किताब किया बराबर, जानकर आप भी कहेंगे- शानदार

advertisement image