Curated By:
editor1 |
Hindi Now Uttar Pradesh • 24 Jul 2025, 06:22 pm
गुरुवार को एक और बड़ा विमान हादसा सामने आया है। रूस का एक पैसेंजर विमान चीन की सीमा के पास एक पहाड़ी इलाके में क्रैश हो गया है। इसमें सवार सभी 49 लोगों की मौत हो गई है। विमान में 43 यात्री और 6 क्रू मेंबर थे। मृतकों में पांच बच्चे भी शामिल हैं। यह हादसा रूस के पूर्वी अमूर क्षेत्र में हुआ, जहां बचाव दल को टिंडा शहर से लगभग 16 किलोमीटर दूर एक पहाड़ी पर विमान का मलबा मिला। रूसी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह विमान अंगारा एयरलाइंस का था, जो खाबरोवस्क और ब्लागोवेशचेंस्क से होते हुए टिंडा की ओर जा रहा था। टिंडा चीन की सीमा के पास स्थित है। विमान जब टिंडा के करीब पहुंचा तो वह अचानक रडार से गायब हो गया और उसका एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया। अमूर के गवर्नर वासिली ओरलोव ने टेलीग्राम पर इस हादसे की पुष्टि की।
फ्लाइट लैंडिंग की कोशिश फेल
बताया गया है कि विमान ने टिंडा एयरपोर्ट पर उतरने की पहली कोशिश की थी, लेकिन वह सफल नहीं हुई। दूसरी बार लैंडिंग की कोशिश के दौरान ही विमान रडार से गायब हो गया। कुछ समय बाद वह निर्धारित चेकपॉइंट से भी संपर्क नहीं कर पाया। टिंडा शहर रूस की राजधानी मॉस्को से लगभग 6,600 किलोमीटर दूर पूर्व दिशा में स्थित है। यह विमान सोवियत काल में बनाए गए An-24 मॉडल का था, जो 63 साल पुराना बताया जा रहा है। इस विमान को विशेष रूप से छोटे और कठिन इलाकों में उड़ान भरने के लिए डिजाइन किया गया था। इसकी अधिकतम रफ्तार 450 किलोमीटर प्रति घंटा थी और यह एक बार में 400 किलोमीटर की दूरी तय कर सकता था। An-24 मॉडल के कुल 1,367 विमान बनाए गए थे और 1979 तक इसका प्रोडक्शन हुआ। इसके बाद भी कई देशों में यह विमान अब भी उपयोग में है।
विमान में हैं किई खास क्षमताएं
An-24 को इस तरह से बनाया गया था कि वह 1200 मीटर के कच्चे और छोटे रनवे से भी उड़ान भर सकता था। यहां तक कि अगर इसका एक इंजन फेल हो जाए, तब भी यह टेकऑफ करने में सक्षम होता था। इससे पहले सितंबर 2024 में भी अमूर क्षेत्र में एक हेलिकॉप्टर दुर्घटना हुई थी, जिसमें रॉबिन्सन R66 हेलिकॉप्टर उड़ान के दौरान लापता हो गया था। उस हादसे में भी तीन लोगों की जान गई थी। विमान हादसे की इस ताजा घटना ने रूस की एयर सेफ्टी पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं। अधिकारी जांच में जुटे हैं और मलबे से सुराग इकट्ठा किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- अब दिल्ली एयरपोर्ट बड़ा हादसा! एअर इंडिया के विमान में लगी आग, जानें पूरा मामला