यूपी में भयावह हादसा, पेड़ से टक्कर के बाद बीच सड़क में उछलकर गिरी कार, बिछ गईं लाशें

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 28 Dec 2025, 02:06 pm
news-banner

सहारनपुर के शाकंभरी देवी रोड पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पोल और पेड़ से टकरा गई। हादसे में दो सगे भाइयों समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

सहारनपुर के बेहट क्षेत्र में शाकंभरी देवी रोड पर शनिवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। हादसे की मुख्य वजह कार की तेज रफ्तार मानी जा रही है। जिस स्थान पर दुर्घटना हुई, वहां सड़क पर तीव्र मोड़ है। तेज गति के कारण चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार पहले सड़क किनारे लगे लोहे के पोल से टकराई, फिर पास खड़े पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। दो लोग झटके से बाहर जा गिरे, जबकि दो लोग कार के अंदर बुरी तरह फंस गए। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला गया।


तेज रफ्तार और तीखा मोड़ बना हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार बेहद तेज थी। गांव फतेहपुर कलां निवासी संजय चौहान और नौगांवा के राहुल ने बताया कि कार पहले पोल से टकराई और फिर पेड़ से टकराकर सड़क के बीचोंबीच आकर रुक गई। एक पल को ऐसा लगा मानो जोरदार धमाका हुआ हो। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि दो शव सड़क पर क्षत-विक्षत हालत में पड़े थे, जिनकी पहचान करना मुश्किल था। अंदर फंसे दो लोगों को निकालने में पुलिस और ग्रामीणों को काफी मेहनत करनी पड़ी। हादसे के बाद शाकंभरी रोड पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।


चार परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
इस हादसे में मारे गए चारों लोग अपने-अपने परिवार में कमाने वाले इकलौते सदस्य थे। विजय और डॉ. मनीष सगे भाई थे। विजय शाकंभरी देवी के पास मेडिकल स्टोर चलाता था और मनीष मुजफ्फराबाद में चिकित्सक था। तीसरा मृतक जितेंद्र उनका मौसा था, जो पिछले कई वर्षों से बेहट में रहकर रंगाई-पुताई का काम करता था। चौथा मृतक सोनू हलवाई का काम करता था और मनीष का दोस्त था। सभी मृतक विवाहित थे और उनके छोटे-छोटे बच्चे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव और रिश्तेदारों में शोक की लहर दौड़ गई।

यह भी पढ़ें- पुरानी दुश्मनी, बाप-बेटे को तमंचा सटाकर मार दी गोली, छितर गई खोपड़ी, मौके का नजारा देख हिल गया हर कोई!

advertisement image