संभल में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, अवैध रूप से बने ईदगाह-इमामबाड़े पर चला बुलडोजर, 5 थानों की फोर्स और PAC तैनात

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 16 Apr 2026, 01:12 pm
news-banner

संभल के बिछोली गांव में प्रशासन ने ईदगाह और इमामबाड़े पर बुलडोजर कार्रवाई की। इमामबाड़ा गिरा दिया गया, जबकि ईदगाह तोड़ी जा रही है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।

उत्तर प्रदेश के संभल जिले में गुरुवार सुबह प्रशासन की बड़ी बुलडोजर कार्रवाई से पूरे इलाके में हलचल मच गई। कोतवाली संभल क्षेत्र के बिछोली गांव में सुबह करीब 8 बजे से ईदगाह और इमामबाड़े पर कार्रवाई शुरू हुई। सबसे पहले इमामबाड़े को पूरी तरह गिरा दिया गया, जिसके बाद चार बुलडोजरों की मदद से ईदगाह को तोड़ा जा रहा है। मौके पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पांच थानों की पुलिस फोर्स और एक कंपनी पीएसी तैनात की गई है, ताकि किसी तरह का विरोध या तनाव न बढ़ सके। जैसे ही कार्रवाई शुरू हुई, आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे, लेकिन प्रशासन ने स्थिति संभालते हुए उन्हें वहां से हटा दिया।


सरकारी जमीन पर कब्जे का आरोप, पहले ही जारी हुआ था नोटिस

प्रशासन के मुताबिक, करीब 7 बीघा चारागाह की जमीन पर ईदगाह और खाद गड्ढे की जमीन पर इमामबाड़ा बनाया गया था, जिसे अवैध कब्जा माना गया। इस मामले में गांव वालों की शिकायत के बाद लेखपाल ने 18 जनवरी को तहसीलदार कोर्ट में अपील दायर की थी। इसके बाद 31 जनवरी को कोर्ट के आदेश पर नोटिस अखबार में प्रकाशित कराया गया और कब्जेदारों को सामने आने के लिए कहा गया। हालांकि तय समय में कोई भी सामने नहीं आया। गुरुवार सुबह एसडीएम निधि पटेल और नायब तहसीलदार दीपक कुमार जुरैल टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कार्रवाई शुरू कराई। शुरुआती समय में कुछ लोग खुद ही छैनी-हथौड़ी से ढांचा तोड़ते दिखे, लेकिन बाद में प्रशासन ने उन्हें हटा दिया।


ग्रामीणों में नाराजगी, कार्रवाई पर उठे सवाल

कार्रवाई के दौरान गांव की एक महिला जुबैदा ने विरोध जताते हुए कहा कि यह कार्रवाई रुकनी चाहिए। उनका कहना था कि इमामबाड़ा और ईदगाह से गांव के लोगों को कई तरह की सुविधाएं मिलती थीं और गरीब परिवारों की बारातें भी यहां रुकती थीं। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर सरकारी जमीन पर बने निर्माण हटाए जा रहे हैं, तो मंदिरों पर भी इसी तरह की कार्रवाई होनी चाहिए। जुबैदा ने भावुक होकर कहा कि कानून सभी के लिए बराबर होना चाहिए और किसी एक समुदाय को निशाना बनाना सही नहीं है।


अधिकारियों ने लिया जायजा, हादसे में चालक घायल

दोपहर करीब 12 बजे जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई भी मौके पर पहुंचे और पूरी कार्रवाई की समीक्षा की। उन्होंने टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और हालात पर नजर बनाए रखने को कहा। इस दौरान एक हादसा भी हुआ, जब इमामबाड़े की दीवार अचानक जेसीबी मशीन पर गिर गई। इसमें नगर पालिका के ऑपरेटर सौरभ सिरसवाल के हाथ में चोट आई। जेसीबी का शीशा टूट गया और मशीन भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके बाद उसे मौके से हटाना पड़ा। फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।

advertisement image