'सुधर जाएं मौलाना महमूद मदनी, नहीं तो लाहौर तक दौड़ाएंगे, नानी याद आ जाएगी'

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 05 Dec 2025, 07:08 pm
news-banner

मुजफ्फरनगर में सरधना के पूर्व विधायक और भाजपा नेता संगीत सोम मौलाना मदनी को लेकर तीखा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सुधर जाएं मौलाना महमूद मदनी, नहीं तो लाहौर तक दौड़ाएंगे। आइए पूरा बयान जानते हैं।

जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी के जिहाद संबंधी बयान पर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। मुजफ्फरनगर में सरधना के पूर्व विधायक और भाजपा नेता संगीत सोम ने मदनी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मदनी के बयान देश का माहौल खराब करने वाले हैं और ऐसे विचार समाज में तनाव फैलाते हैं। वह जिहादी मानसिकता वाले हैं। उन्होंने कहा कि जिहाद को अच्छा बताने वाले लोग देश की एकता के लिए खतरा हैं। वह सुधर जाएं, नहीं तो लाहौर तक दौड़ाए जाएंगे।


ऐसे दुष्ट लोगों को लाठी लेकर लाहौर तक दौड़ाना चाहिए

संगीत सोम ने यहां तक कहा कि महमूद मदनी जैसे लोग जिहाद को सकारात्मक बताकर लोगों को भ्रमित कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज़ में कहा कि ऐसी बयानबजी बंद होनी चाहिए, वरना लाठी लेकर लाहौर तक दौड़ा देंगे। सोम गुरुवार देर रात मुजफ्फरनगर में एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। समारोह के दौरान जब पत्रकारों ने मदनी के बयान से जुड़े सवाल पूछे तो वह भड़क गए। उन्होंने कहा कि ऐसे दुष्ट लोगों का नाम लेकर शादी का माहौल खराब न किया जाए और इनकी चर्चा ही नहीं करनी चाहिए। इसके साथ ही सोम ने रामपुर के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि नदवी मानसिक रूप से परेशान हैं और उनके बारे में बात करना भी ठीक नहीं है। गौरतलब है कि नदवी ने हाल ही में मदनी के बयान का समर्थन किया था।


लव जिहाद, थूक जिहाद कहकर मुसलमानों को किया जा रहा अपमानित

विवाद की शुरुआत 29 नवंबर को हुई, जब भोपाल में जमीयत की नेशनल गवर्निंग बॉडी की बैठक के दौरान मौलाना मदनी ने कहा था कि इस्लाम विरोधियों ने जिहाद शब्द का अर्थ हिंसा और झगड़े से जोड़ दिया है। उन्होंने बताया कि आज लव जिहाद, लैंड जिहाद, तालीम जिहाद, थूक जिहाद और वोट जिहाद जैसे शब्दों का इस्तेमाल मुसलमानों की आस्था को अपमानित करने के लिए किया जा रहा है। उनका कहना था कि सरकार और मीडिया के लोग भी बिना सोचे-समझे ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करते हैं।


मदनी बोले- अगर कोई भ्रम पैदा हुआ है तो जिम्मेदारी मेरी

विवाद बढ़ने के बाद दो दिन पहले मदनी ने सफाई देते हुए कहा कि उनके बयान से अगर कोई भ्रम पैदा हुआ है तो उसकी जिम्मेदारी वे खुद लेते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका मकसद जिहाद के पवित्र और ऐतिहासिक अर्थ को सामने रखना था, लेकिन वे यह सुनिश्चित नहीं कर सके कि बयान का गलत अर्थ न निकाला जाए।


संगीत सोम पहले भी दे चुके हैं विवादित बयान

इस पूरे विवाद के बीच संगीत सोम के पहले दिए गए विवादित बयानों की भी चर्चा होने लगी है। उन्होंने कभी कहा था कि अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश को मुगल सल्तनत बना दिया था और वे इस सल्तनत के आखिरी शासक होंगे। एक अन्य बयान में उन्होंने सपा नेता आजम खान को सीएम के चपरासी लायक भी नहीं बताया था। वहीं जनसंख्या नियंत्रण कानून को लेकर उन्होंने कहा था कि कुछ लोग केवल बच्चे पैदा करने को ही अल्लाह की देन मानते हैं, जबकि अल्लाह की देन और भी बहुत कुछ है। उनके मुताबिक मौलाना जैसे लोग देश को पीछे ले जाने का काम कर रहे हैं।


यह भी पढ़ें- सहारनपुर के मौलाना मदनी के बयान पर मचा बवाल! कहा- जुल्म होगा तो जिहाद होगा, पढ़ें पूरा बयान

advertisement image