यूपी में अगले दो दिन भीषण ठंड का अलर्ट, पड़ेगा भयानक कोहरा, जानें मौसम को लेकर पूरा अपडेट!

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 20 Dec 2025, 03:13 pm
news-banner

उत्तर प्रदेश के मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है। यहां शीतलहरों का प्रकोप है और ठंड बढ़ती जा रही है। वहीं आधे से ज्यादा जिलों में घना कोहरा देखा जा रहा है। आने वाले दो दिनों तक मौसम कैसा रहेगा? आइए खबर में जानते हैं।

उत्तर प्रदेश में शीतलहर और कड़ाके की ठंड ने लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित कर दी है। लखनऊ, जौनपुर सहित कई जिलों में सुबह से ही रिमझिम फुहारें पड़ रही हैं, जिससे सड़कें गीली हो गई हैं और ठंड और बढ़ गई है। प्रदेश के करीब 50 जिलों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे कई इलाकों में दृश्यता 10 मीटर तक सिमट गई। हालात ऐसे हैं कि दिन में भी अंधेरे जैसा माहौल बना हुआ है और लोग धूप निकलने का इंतजार करते नजर आए। कई सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और आवाजाही काफी कम हो गई। सर्द हवाओं के चलते मौसम पहाड़ी इलाकों जैसा महसूस हो रहा है। बाइक सवारों के हाथ सुन्न हो रहे हैं और खुले में निकलना मुश्किल हो गया है। कोहरे और ठंड का असर रेल और हवाई यातायात पर भी साफ दिख रहा है। लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर समेत कई रेलवे स्टेशनों पर 50 से अधिक ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं, जबकि कुछ को रद्द भी करना पड़ा है। हवाई सेवाएं भी कोहरे की वजह से प्रभावित हुई हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। प्रदेश के 11 शहरों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। बरेली, कानपुर, कासगंज, औरैया और जौनपुर में कक्षा 8 तक के स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है, जबकि हापुड़, हाथरस, बिजनौर, कानपुर देहात, फर्रुखाबाद और संभल में कक्षा 12 तक के सभी स्कूल बंद हैं। इसके अलावा लखनऊ समेत 10 जिलों में स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया गया है, जहां अब कक्षा 12 तक की पढ़ाई सुबह 9 बजे से शुरू होगी। कानपुर में ठंड से बचाव के लिए गोशालाओं में गोवंश को पहली बार ‘काउ-कोट’ पहनाए गए हैं। राज्य सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में है। लोगों से अपील की गई है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें। कोहरे को देखते हुए हाईवे पर वाहनों की गति सीमा 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तय की गई है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश में भीषण ठंड और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।


किसानों के लिए ठंड फायदेमंद

किसानों के मुताबिक, कोहरा गेहूं की फसल के लिए लाभकारी है, लेकिन आलू, दलहन और मटर की फसलों को नुकसान पहुंचा सकता है। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, रविवार से प्रदेश में लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं, जिसके चलते दिन के तापमान में करीब दो डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है और कोहरे के घनत्व में थोड़ी कमी आएगी।

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 21 दिसंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं घना से बेहद घना कोहरा छाया रहेगा, जबकि पश्चिमी यूपी में भी घने कोहरे का अलर्ट रहेगा और दृश्यता शून्य से 100 मीटर तक रह सकती है। 22 दिसंबर को पूर्वी यूपी में घना कोहरा बना रहेगा, जबकि पश्चिमी हिस्सों में हल्का कोहरा छाने की संभावना है और मौसम शुष्क रह सकता है।

यह भी पढ़ें- यूपी में मौसम को लेकर चेतावनी, आठ जिलों में स्कूल बंद और बहुत कुछ, जानें सबकुछ यहां!

advertisement image