Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 19 Oct 2025, 03:06 pm
प्रयागराज में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां छोटी बहन को प्यार में धोखा देने पर गुस्साई भाभी ने अपने देवर का प्राइवेट पार्ट काट डाला। घटना मऊआइमा थाना क्षेत्र के मलखानपुर मिश्रिर पट्टी गांव की है। घटना के बाद घायल देवर उमेश कुमार को गंभीर हालत में एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने करीब डेढ़ घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद उसकी जान बचाई। आरोपी भाभी मंजू हमले के बाद फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक मंजू ने पूरी साजिश रचकर आधी रात को अपने देवर पर हमला किया। 16 अक्टूबर की रात करीब दो बजे वह चाकू लेकर उमेश के कमरे में पहुंची। उस समय उमेश सो रहा था। मंजू ने अचानक उस पर हमला कर दिया और चाकू से उसके प्राइवेट पार्ट पर कई वार किए। हमले के बाद उमेश दर्द से चीखने लगा। उसकी चीखें सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि उमेश खून से लथपथ बिस्तर पर पड़ा था और उसका प्राइवेट पार्ट कटकर बिस्तर पर पड़ा था। तुरंत ही परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देखते हुए एसआरएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर शिरीष मिश्रा ने बताया कि उमेश की स्थिति बेहद नाजुक थी। करीब डेढ़ घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद उसकी जान तो बच गई, लेकिन पूरी तरह ठीक होने में छह से आठ महीने लग सकते हैं। फिलहाल वह ट्रॉमा सेंटर में निगरानी में रखा गया है।
पिछले तीन साल से थे युवती से संबंध, शादी का वादा कर मुकरा
पुलिस जांच में पता चला कि मंजू के देवर उमेश का पिछले तीन साल से भाभी की छोटी बहन से अफेयर चल रहा था। उमेश ने युवती से शादी का वादा किया था और दोनों परिवार भी इस रिश्ते पर सहमत थे, लेकिन तीन महीने पहले उमेश ने अचानक शादी से इनकार कर दिया और कहा कि वह किसी दूसरी लड़की से प्यार करता है। इस फैसले से मंजू की बहन टूट गई और डिप्रेशन में चली गई। अपनी बहन की हालत देखकर मंजू ने उमेश को सबक सिखाने की ठान ली। पुलिस का कहना है कि उसी गुस्से में उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
आरोपी महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज, दबिश दे रही पुलिस
एसीपी विवेक यादव ने बताया कि आरोपी मंजू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वह गर्भवती है और फरार चल रही है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। इस घटना की चारों ओर चर्चा हो रही है।
यह भी पढ़ें- दिवाली से पहले बड़ा हादसा, पटाखा मंडी में बड़ा धमाका, 70 से अधिक दुकानें तो 50 बाइकें जलकर राख