'यूपी में माफियाओं को महंगी गाड़ियां गिफ्ट की जा रहीं', सपा सांसद बोले- मेरे पास पूरी कुंडली

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 03 Dec 2025, 05:05 pm
news-banner

उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ समेत कई शहरों में नकली कफ सिरप की सप्लाई को लेकर सपा सांसद ने बीजेपी सरकार को जमकर घेरा है। उन्होंने यह मुद्दा सदन में उठाया है।

यूपी में नकली कफ सिरप का मुद्दा बुधवार को लोकसभा में गूंजा। सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार और मध्य प्रदेश में एक बड़े रैकेट के जरिए नकली कफ सिरप की सप्लाई की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक साल से पीड़ित न्याय के लिए भटक रहे हैं, लेकिन किसी ने सुनवाई नहीं की। उन्होंने पूर्वांचल और बनारस के आसपास के जिलों में इस गिरोह के सक्रिय होने की बात कही और दावा किया कि इसकी सप्लाई दक्षिण अफ्रीका तक हुई है, जिससे कई बच्चों की जान गई है।


पूर्वांचल के माफियाओं को गिफ्ट की गईं महंगी गाड़ियां

धर्मेंद्र यादव ने नाम लिए बिना पूर्वांचल के माफियाओं को जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि जाति विशेष के माफिया इस अवैध कारोबार में शामिल हैं और 2000 करोड़ रुपये का खेल कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि इन माफियाओं के पास करोड़ों की गाड़ियां हैं। यह उन्हें गिफ्ट की गई हैं, लेकिन इसकी कोई जानकारी इनकम टैक्स विभाग में दर्ज नहीं है। उन्होंने इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की और सवाल उठाया कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र काशी और मुख्यमंत्री के लगातार दौरे के बावजूद इतना बड़ा रैकेट कैसे चलता रहा।


वक्फ कानून का उठा मुद्दा, सेंट्रल एक्साइज बिल पर चर्चा

रामपुर सांसद मोहिबुल्लाह ने वक्फ कानून का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उम्मीद पोर्टल पर सिर्फ 30% वक्फ संपत्तियां ही अपलोड हो पाई हैं। उनका आरोप था कि पोर्टल ठीक से काम नहीं करता और मुसलमानों को लगातार परेशान किया जा रहा है। इसी दौरान संसद में सेंट्रल एक्साइज अमेंडमेंट बिल 2025 पर चर्चा हुई। इसमें तम्बाकू उत्पादों को 40% जीएसटी स्लैब में शामिल करने का प्रस्ताव है। मेरठ के सांसद अरुण गोविल ने बिल का समर्थन करते हुए कहा कि तंबाकू गंभीर बीमारी की वजह है और युवाओं को इससे दूर रखना जरूरी है। उन्होंने बताया कि वह खुद पहले गुटखा खाते थे, लेकिन अब तंबाकू मुक्त हैं।


तम्बाकू विधेयक से नहीं पड़ेगा बड़ी कंपनियों पर कोई असर

फतेहपुर के सांसद नरेश चंद्र उत्तम पटेल ने कहा कि तम्बाकू विधेयक से बड़ी कंपनियों पर असर नहीं पड़ेगा, लेकिन छोटी इकाइयों को, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं काम करती हैं, उन्हें नुकसान उठाना पड़ सकता है।


यह भी पढ़ें- बहराइच में बोले बृजभूषण, कहा- मुझे संसद में देखना चाहती है जनता

advertisement image